मुख्य बातें

होटल के स्विमिंग पूल में डूबा 7 वर्षीय बच्चा, मौत: परिजन ने दफनाया, अब थाने पहुंचे, बोले- पोस्टमॉर्टम कराया जाए; आज पुलिस शव निकलवाएगी – Gwalior News

होटल के स्विमिंग पूल में डूबा 7 वर्षीय बच्चा, मौत:  परिजन ने दफनाया, अब थाने पहुंचे, बोले- पोस्टमॉर्टम कराया जाए; आज पुलिस शव निकलवाएगी – Gwalior News

ग्वालियर के गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित एबी रोड के प्रिंस मामा होटल में सोमवार रात एक हादसा हो गया। परिवार के साथ डिनर और पूल पार्टी करने गए 7 वर्षीय मासूम वेद पाल की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। घटना रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की है। परिजन ने सोमवार-मंगलवार की रात करीब 1 बजे बच्चे के शव को दफना दिया था, लेकिन मंगलवार शाम मामला पुलिस तक पहुंचा। मासूम के पिता और चाचा गिरवाई थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने होटल प्रबंधन की जिम्मेदारी और लापरवाही तय करने के लिए शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की है। अब पुलिस बुधवार को लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम से बच्चे का शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराएगी। ग्वालियर में यह संभवतः पहला मामला होगा, जिसमें दफनाए गए बच्चे के शव को निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। चाचा के साथ होटल गया था मासूम जनकगंज स्थित गोल पहाड़िया निवासी देवेंद्र पाल ने बताया कि सोमवार रात वह अपनी पत्नी भारती पाल, बड़े भाई दिनेश पाल के बेटे वेद पाल और अन्य रिश्तेदारों के साथ डिनर व पूल पार्टी के लिए प्रिंस मामा होटल गए थे। होटल में बड़े सदस्य स्विमिंग पूल में नहा रहे थे, जबकि बच्चे पास बने बच्चों के पूल में थे। सभी लोग रात करीब 8:30 बजे होटल पहुंचे थे। बड़े स्विमिंग पूल में मिला वेद रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच देवेंद्र पाल ने बच्चों के पूल की तरफ देखा तो वेद वहां नजर नहीं आया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बड़े स्विमिंग पूल में तलाश करने पर वेद का शव पूल की गहराई में मिला। परिजन तुरंत उसे अंकुर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां से उसे जयारोग्य अस्पताल (JAH) रेफर कर दिया गया। जेएएच पहुंचने पर डॉक्टरों ने रात करीब 12 बजे बच्चे को मृत घोषित कर दिया। रात 1 बजे दफनाया, अब पुलिस के पास पहुंचे
हादसे के बाद परिजन बदहवास थे और कुछ समझ नहीं पा रहे थे। घटना को हादसा मानते हुए वे सोमवार-मंगलवार की रात करीब 1 बजे मासूम के शव को लक्ष्मीगंज श्मशान घाट ले गए और वहां दफना दिया। मंगलवार सुबह मिलने पहुंचे लोगों ने परिजन को बताया कि घटना में होटल प्रबंधन की लापरवाही हो सकती है, क्योंकि वहां लाइफगार्ड और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इसके बाद परिवार को मामले की गंभीरता का अहसास हुआ। परिजन का आरोप है कि स्विमिंग पूल पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। इसी के चलते मंगलवार शाम वे गिरवाई थाने पहुंचे और शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। पुलिस श्मशान से मासूम वेद का शव निकलवाएगी
अब गिरवाई थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मर्ग कायम कर लिया है। बुधवार सुबह पुलिस लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम पहुंचकर बच्चों के श्मशान से मासूम वेद का शव निकलवाएगी। इसके बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस प्रिंस मामा होटल पहुंचकर जांच-पड़ताल करेगी और घटना के समय के सीसीटीवी फुटेज भी जुटाएगी। होटल प्रबंधन पर उठते सवाल परिजन ने होटल प्रबंधन की लापरवाही की शिकायत की गिरवाई थाना प्रभारी सुरेन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि परिजन ने बच्चे के डूबने और होटल प्रबंधन की लापरवाही की शिकायत की है। चूंकि अंतिम संस्कार हो चुका है, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *