किशनगंज में पिछले तीन दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बाद शुक्रवार देर रात मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज आंधी और तूफान के साथ हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। देर रात आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके कुछ ही देर बाद आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गई, हालांकि किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। घरों से निकलने में हो रही थी परेशानी पिछले कई दिनों से जिले में लगातार बढ़ती गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित किया था। दिन के समय बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई थी। गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही थी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिनों तक जिले में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। इस दौरान तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
Source link
