मुख्य बातें

चंबल में अवैध बजरी खनन पर ‘तीसरी आंख’ की नजर: धौलपुर में 27 मार्गों पर लगेंगे CCTV कैमरे, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी – Dholpur News

चंबल में अवैध बजरी खनन पर ‘तीसरी आंख’ की नजर:  धौलपुर में 27 मार्गों पर लगेंगे CCTV कैमरे, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी – Dholpur News

धौलपुर पुलिस ने राष्ट्रीय चंबल सेंचुरी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए तकनीकी निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। जिले में अवैध बजरी परिवहन के 27 प्रमुख मार्गों और चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, 16 प्रमुख घाटों पर मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार गश्त करेंगी। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन अवैध रेत खनन और राष्ट्रीय चंबल सेंचुरी क्षेत्र में जलीय जीवों के संरक्षण से जुड़े मामले में जारी निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है। राजस्थान सरकार के खान एवं पेट्रोलियम विभाग के निर्देशों के बाद जिले में निगरानी तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, सरमथुरा, सोने का गुर्जा, कोतवाली, राजाखेड़ा, सदर धौलपुर, दिहोली, बाड़ी सदर और बसई डांग थाना क्षेत्रों में चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। इन कैमरों के माध्यम से अवैध बजरी खनन एवं परिवहन गतिविधियों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। योजना के तहत झिरी चौकी, भम्मपुरा तिराहा, बीछिया, किला शेरगढ़, समोना घाट, भैंसेना तिराहा, माधो का पुरा चौराहा, बिजौली, चंदेली पुरा घाटी और आठमील चौकी तिराहा सहित कई संवेदनशील स्थानों को निगरानी के लिए चिन्हित किया गया है। अवैध बजरी खनन रोकने के लिए 16 प्रमुख घाटों पर चार मोबाइल पुलिस पार्टियां भी तैनात की जाएंगी। ये टीमें भूड़ा घाट, कठूमरी घाट, रेलवे पुल घाट, तिघरा घाट, बसई डांग घाट, भगतपुरा घाट, पाली घाट, हल्लूपुरा घाट और दुर्गशी घाट जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर गश्त करेंगी। एसपी विकास सांगवान ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित चंबल सेंचुरी क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांवों और ढाणियों में जाकर लोगों को भी जागरूक कर रही है, ताकि वे अवैध बजरी कारोबार से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय चंबल सेंचुरी क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, दुर्लभ जलीय जीवों की सुरक्षा तथा अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *