ग्वालियर में दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कराने के कुछ ही घंटों बाद दतिया में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाली 25 वर्षीय पीएचडी छात्रा मामले में फरार मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पड़ाव थाना पुलिस ने आरोपी योगेश रावत को रविवार रात मध्यप्रदेश के अशोकनगर से घेराबंदी कर पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली के एक क्लब से क्रिकेट खेलता था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। लोकेशन ट्रेस कर 5 शहरों में दी दबिश दतिया में शुक्रवार रात पीएचडी छात्रा के सुसाइड की सूचना मिलते ही ग्वालियर पुलिस अलर्ट हो गई। एसएसपी के निर्देश पर पड़ाव थाना पुलिस की विशेष टीमों ने आरोपी की तलाश में चार से पांच शहरों में लगातार दबिश दी। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने रविवार रात आरोपी योगेश रावत को अशोकनगर से गिरफ्तार कर ग्वालियर लाया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। प्यार, ब्लैकमेलिंग और प्रताड़ना का मामला पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी योगेश रावत ने अपनी बहन की सहेली रही पीड़िता को झांसे में लिया और बाद में उसे प्रताड़ित करने लगा। आरोप है कि 13 मार्च को सुबह 9 बजे योगेश ने IAS की कोचिंग के लिए जा रही छात्रा को रास्ते में रोका और नाश्ता कराने के बहाने फूलबाग स्थित होटल राम्या पैलेस के कमरा नंबर-107 में ले गया। वहां उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया। न्यूड फोटो-वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया था कि जब उसे होश आया, तो वह और योगेश दोनों न्यूड बेड पर थे। विरोध करने पर योगेश ने शादी का वादा किया, लेकिन चुपके से उसके न्यूड वीडियो और फोटो भी बना लिए। इसी अश्लील वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने दो दिन बाद यानी 15 मार्च को फिर उसी होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद 15 मई को ग्वालियर के पड़ाव थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन कुछ देर बाद दतिया पहुंचकर पीड़िता ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया- मुख्य आरोपी योगेश रावत को अशोकनगर से गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्वालियर में उस पर पहले से ही दुष्कर्म की संगीन धाराओं में मामला दर्ज है। अब दतिया पुलिस से मर्ग डायरी और सुसाइड नोट की आधिकारिक कॉपी मिलते ही इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने की बढ़ोतरी की जाएगी।
Source link
