मुंबई के धारावी इलाके में स्थित अशोक मिल कंपाउंड में रविवार रात को आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। अब तक इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने की वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आज की अन्य बड़ी खबरें… पुजारियों-कर्मचारियों की सैलरी समीक्षा पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई राज्य नियंत्रण वाले मंदिरों के पुजारियों, सेवादारों और कर्मचारियों के वेतन व सुविधाओं की समीक्षा की मांग पर सुप्रीम कोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय की जनहित याचिका पर सुनवाई कर सकती है। याचिका में केंद्र और राज्य सरकारों को न्यायिक आयोग या विशेषज्ञ समिति गठित करने का निर्देश देने की मांग की गई है। इसमें पुजारियों और मंदिर स्टाफ को वेज कोड, 2019 के तहत कर्मचारी घोषित करने की भी मांग है। याचिका में कहा गया है कि जब राज्य मंदिरों का प्रशासनिक और वित्तीय नियंत्रण संभालता है, तो नियोक्ता-कर्मचारी संबंध बनता है। ऐसे में सम्मानजनक वेतन न देना आजीविका के अधिकार का उल्लंघन है। याचिका में काशी विश्वनाथ मंदिर, आंध्र-तेलंगाना में पुजारियों के वेतन विरोध और तमिलनाडु में दक्षिणा रोकने वाले आदेश का हवाला दिया गया है। कोलकाता के मौलाना की अपील- गोवंश की कुर्बानी से बचें मुस्लिम कोलकाता की नाखोदा मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद शफीक कासमी ने मुस्लिम समुदाय से गोवंश की कुर्बानी से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत होती हैं, इसलिए बकरे की कुर्बानी दी जा सकती है। मौलाना ने पश्चिम बंगाल सरकार के नए पशु-वध नियमों को सख्त बताते हुए कहा कि अब वध से पहले पशु का फिटनेस सर्टिफिकेट लेना जरूरी होगा। नए नियमों के तहत सिर्फ 14 साल से ज्यादा उम्र या स्थायी रूप से अक्षम पशुओं के वध की अनुमति होगी।
Source link
