मुख्य बातें

सिवनी में पिकअप-ट्रैक्टर टक्कर, एक की मौत: दो घायलों की हालत गंभीर, 12 बकरियां भी मारी गई – Seoni News

सिवनी में पिकअप-ट्रैक्टर टक्कर, एक की मौत:  दो घायलों की हालत गंभीर, 12 बकरियां भी मारी गई – Seoni News

सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 1 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसा हो गया। चौथा पुल के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से तेज रफ्तार पिकअप वाहन पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया, जबकि ट्रैक्टर भी खेत में जा गिरा। इस दुर्घटना में पिकअप सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पिकअप में लदी 12 बकरियों की भी मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बकरियों से भरी यह पिकअप वाहन धूमा से बंडोल की ओर जा रहा था। वाहन में बड़ी संख्या में बकरियां लदी हुई थीं। जब पिकअप राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित चौथा पुल के पास पहुंची, तभी वह सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन पलट गया। इस दुर्घटना में बंडोल क्षेत्र के जुरतरा निवासी बालक राम राठौर (50) पुत्र मूलचंद राठौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका पुत्र कार्तिक राठौर (27) और बंडोल निवासी शिवकुमार बंजारा (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मध्य प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में पिकअप में लदी लगभग एक दर्जन बकरियों की भी मौत हो गई, जिससे वाहन मालिक को भारी नुकसान हुआ है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़े वाहन को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *