फतेहाबाद के टोहाना शहर से गुजर रही फतेहाबाद ब्रांच नहर में शनिवार को एक युवती का शव मिला। राहगीरों ने शव बहता देख तुरंत पुलिस और समाजसेवी नवजोत सिंह ढिल्लों को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और नवजोत सिंह ढिल्लों अपनी रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल टोहाना के शवगृह में रखवा दिया है। मृतका की उम्र 20- 21 साल बताई जा रही है। उसने सफेद रंग का टॉप और नीली जींस पहन रखी थी। पानी में रहने के कारण चेहरे पर सूजन आ गई है, जिससे शव की शिनाख्त में दिक्कत आ रही है। लापता युवतियों की रिपोर्ट खंगाल रही पुलिस थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शव मिलने की सूचना आसपास के सभी थानों और गोताखोरों को भेज दी गई है। लापता युवतियों की गुमशुदगी रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समाजसेवी नवजोत सिंह ढिल्लों ने कहा कि यदि कोई इस हुलिए की युवती को पहचानता हो तो तुरंत सिटी थाना टोहाना में संपर्क करे। पुलिस ने भी लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि शव की पहचान हो सके और उसे परिजनों को सौंपा जा सके।
Source link
