मध्यप्रदेश के श्योपुर में जमीन विवाद को लेकर हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक आदिवासी किसान की हत्या कर दी गई। इसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। किसान की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने कराहल थाने का घेराव कर दिया, पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की और श्योपुर-शिवपुरी हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को काबू करना पड़ा। घटना की गंभीरता को देखते हुए आधा दर्जन से अधिक थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। विधायक मुकेश मल्होत्रा, प्रशासनिक अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। स्कॉर्पियो से खेत पर पहुंचे करीब 12 हमलावर जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग ने हाल ही में विवादित जमीन का सीमांकन किया था, लेकिन कब्जे को लेकर विवाद बना हुआ था। शनिवार शाम गंगाराम आदिवासी अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो से पहुंचे 10-12 हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने की सात राउंड फायरिंग
बताया जा रहा है कि वाहन से उतरते ही आरोपियों ने करीब सात राउंड फायरिंग की। एक गोली गंगाराम आदिवासी के पेट में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सरपंच और उनके भाई से भी मारपीट
फायरिंग के बाद आरोपियों ने खेत पर मौजूद अन्य लोगों को भी निशाना बनाया। हमलावरों ने पनवाड़ा सरपंच रामावतार आदिवासी और उनके भाई बाबूलाल आदिवासी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस हमले में कुछ अन्य ग्रामीण भी घायल हुए हैं। महिला समेत 6 लोगों पर हत्या का केस
कराहल पुलिस ने मामले में एक महिला समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। प्राथमिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और भूमि विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
Source link
