रेवाड़ी-जैसलमेर नेशनल हाईवे-11 पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रेवाड़ी में धामलावास आईटीआई के पास रात करीब डेढ़ बजे हुआ, जहां स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पति-पत्नी व उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव बोडिया कमालपुर निवासी 40 वर्षीय ब्रजमोहन, उनकी पत्नी 38 वर्षीय अनीता और 13 वर्षीय बेटे निमेष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रजमोहन एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी सरकारी अध्यापिका थीं। उनका इकलौता बेटा निमेष था, जिसका एडमिशन कराने के लिए परिवार गुरुग्राम से सीकर गया हुआ था। परिवार सीकर से वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे में पिचक गई स्कार्पियो सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्कॉर्पियो बुरी तरह पिचक जाने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गैस कटर और हाइड्रा मशीन की मदद से तीनों शवों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने ट्रैफिक को नियंत्रित करते हुए शवों को कब्जे में लेकर रेवाड़ी नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां तीनों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस हादसे ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Source link
