हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने राज्य में एक समर्पित ‘धार्मिक पर्यटन सर्किट’ बनाने की बात कही है। उन्होंने मंगलवार को अपनी पत्नी बिंदु गुप्ता के साथ कांगड़ा जिले के विश्व प्रसिद्ध मां ज्वाला देवी मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल में पर्यटन और आध्यात्मिकता की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य के प्रमुख मंदिरों, शक्तिपीठों और बौद्ध मठों को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर सड़कों से जोड़कर एक मजबूत सर्किट तैयार किया जाना चाहिए। हिमाचल के कई विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ राज्यपाल के अनुसार, हिमाचल में ज्वाला देवी, ब्रजेश्वरी देवी, चिंतपूर्णी, नैना देवी और चामुंडा देवी जैसे कई विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ हैं। यदि इन सभी को एक व्यापक धार्मिक सर्किट से जोड़ा जाता है, तो यह राज्य की अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा आधार बनेगा और स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा करेगा। विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा होगी सुगम गुप्ता ने कहा कि इस धार्मिक सर्किट के बनने से न केवल देश के भीतर, बल्कि विदेशों से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा भी आसान और सुगम हो जाएगी। राज्यपाल ने यह भी स्पष्ट किया कि विकास ऐसा होना चाहिए जिससे इन धार्मिक स्थलों की दिव्यता, प्राचीन संस्कृति और आध्यात्मिकता को कोई नुकसान न पहुंचे। श्रद्धालुओं के लिए किए गए इंतजाम की सराहना राज्यपाल ने राज्य सरकार, केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय और सभी संबंधित हितधारकों से इस दिशा में मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं के लिए किए गए इंतजाम की सराहना करते हुए स्थानीय प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की प्रशंसा की।
Source link
