अमृतसर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो हेरोइन बरामद की है। जिसकी कीमत करीब 42 करोड़ रुपए है। अटारी सब-डिवीजन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष नाका लगाकर एक युवक को गिरफ्तार किया।
.
उसके बैग से बरामद हीरोइन पाकिस्तान से मंगवाई गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पाकिस्तानी तस्करों से संपर्क के सबूत मिले हैं और नेटवर्क की गहराई से जांच की जाएगी।
मोबाइल में पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क के सबूत मिले
गिरफ्तार युवक की पहचान जोबनप्रीत सिंह निवासी नारली, थाना खालड़ा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल की जांच में पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क के सबूत भी मिले हैं।
डीएसपी लखविंदर सिंह कलेर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां सप्लाई की जानी थी और पाकिस्तान से यह नेटवर्क कैसे संचालित किया जा रहा था।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि यह सफलता मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान में एक बड़ी उपलब्धि है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी कितने समय से इस धंधे में सक्रिय था और उसके साथी कौन हैं। आरोपी के मोबाइल से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना है।
