पाकुड़ नगर परिषद के नगर प्रबंधक मृत्युंजय पांडेय का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वे आयुष्मान आरोग्य मंदिर के उद्घाटन से पहले निरीक्षण के लिए संस्कृति भवन गए थे, जहां वे अचानक बेहोश हो गए।
.
मौके पर मौजूद नगर परिषद के कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासक अमरेंद्र चौधरी को दी। अमरेंद्र चौधरी ने मौके पर पहुंचकर मृत्युंजय पांडेय को शहर के एक निजी नर्सिंग होम भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
नगर परिषद कार्यालय में शोक की लहर
रेफर किए जाने के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल स्थित एक नर्सिंग होम ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही नगर परिषद कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गई।
मृत्युंजय पांडेय ने वर्ष 2021 में नगर परिषद में नगर प्रबंधक के रूप में पदभार ग्रहण किया था। वे मूल रूप से पटना के राजेंद्र नगर के रहने वाले थे और उनकी एक बेटी है। उनके निधन की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को सोनाजोड़ी सदर अस्पताल ले जाया गया।
नगर परिषद के प्रशासक अमरेंद्र चौधरी ने बताया कि मृत्युंजय पांडेय के निधन से नगर परिषद परिवार दुखी है और इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों के साथ है। उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी नगर प्रबंधक के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है।
