हार्ट अटैट पराठे मॉडल टाउन में परिवार के साथ पहुंचे कॉमेडियन कपिल शर्मा। (फाइल शॉर्ट)
जालंधर में कॉमेडियन कपिल शर्मा सहित कई सेलिब्रिटी को पराठे खिलाने वाले हार्ट अटैक पराठे वाले को पुलिस ने धरना देने से रोक दिया। पराठे की कार्ट चलाने वाले वीर दविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने मारपीट करने वाले पुलिस अफसरों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया
.
वीर दविंदर ने कहा कि अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती और सुरक्षा नहीं करती तो वह आगे स्टेप उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनको नाजायज तंग किया जा रहा है। वह नहीं जानते कि पुलिस किसकी शह पर उसे तंग कर रही है। वह CM भगवंत मान तक से मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगा चुके हैं।
धरना देना था मगर पुलिस ने बुलाया
वीर दविंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने गुरुवार को धरने की कॉल दी थी। इसे लेकर लोगों का भी अच्छा रिस्पांस मिला था। इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने उसे बुला लिया। उन्होंने ADCP हरिंदर गिल को अपनी पूरी बात बताई है। उन्होंने भरोसा दिया है कि पुलिस उनको तंग नहीं करेगी। जो भी तंग करने आएगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। किसी भी कारोबारी को तंग नहीं किया जाएगा।
हार्ट अटैक पराठे वाला वीर दविंदर सिंह। (फाइल शॉर्ट)
हार्ट अटैक पराठे वाले ने कहीं 5 अहम बातें
मेरी मांग-आरोपी पुलिस वालों पर FIR हो
वीर दविंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने ADCP हरिंदर गिल के सामने एक ही मांग रखी है कि उनके साथ दीवाली वाले दिन मारपीट करने वाले पुलिस कर्मचारियों पर FIR दर्ज की जाए। इसके साथ ही उसे कारोबार करने के लिए सुरक्षित माहौल दिया जाए ताकि वह बिना किसी डर के अपना कारोबार आगे बढ़ा सकें।
दावा-ढाई साल से कारोबार, कभी हुल्लड़बाजी नहीं हुई
वीर दविंदर सिंह ने दावा किया कि वह मॉडल टाउन में ढाई साल से कारोबार कर रहे हैं। इतने टाइम में एक बार भी नहीं हुआ कि उनके कार्ट पर कभी हुल्लड़बाजी हुई हो। उन्होंने दावा किया कि वह अपने कार्ट पर कभी किसी को शराब तक नहीं पीने देते हैं।
ढाई साल में 8 महीने बंद रहा कारोबार
वीर दविंदर ने कहा कि उनका कारोबार अच्छा चल रहा था। अब पुलिस कह रही है कि रात को यहां कुछ हो गया तो कौन जिम्मेदार होगा। लेकिन मेरा सवाल है जो शहर में वारदातें हो रही हैं, उनकी जिम्मेदारी कौन सी पुलिस लेती है। मेरा तो कारोबार इसी झगड़े में ढाई साल में 8 महीने बंद रहा। पहले करोना की मार के कारण डेयरी का कारोबार बंद हो गया था। अब इस कारोबार को भी नहीं चलने दिया जा रहा है।
शहर में 60 साइट पर रातभर चलते हैं कार्ट वीर दविंदर सिंह ने दावा किया कि रात को कार्ट चलाने की परमिशन पूरे शहर में 1-2 बड़े कारोबारियों को ही है। वह तो किसी दुकान के आगे कार्ट लगाने हैं। सड़क से भी ये 10 फीट हटकर है। मॉडल टाउन में ऐसे 8 कार्ट चलते हैं, पूरे शहर में 60 साइट पर रात को फास्ट फूड बिकता है। नगर निगम ने किसी को भी रात 11 बजे के बाद कारोबार की परमिशन नहीं दे रखी है, लेकिन उनको ही पता नहीं क्यों तंग किया जा रहा है।
अगर पुलिस ने कार्रवाई न की तो फिर धरने का प्लान बनाएंगे
हार्ट अटैक पराठा के मालिक ने कहा कि आज के धरने को उन्होंने पुलिस के आश्वासन के बाद टाल दिया है। पुलिस ने उनसे जुबानी वादा किया है कि वह मारपीट करने वाले आरोपी पुलिस वालों पर कार्रवाई करेंगे। आगे से ऐसा नहीं होगा। मैं डरा हुआ हूं और दीवाली वाले दिन से कार्ट बंद है। मेरे कस्टमर टूट रहे हैं। अगर इस मसले का कोई हल नहीं निकाल को धरने का फिर से प्लान बनाया जाएगा।

एडीसीपी हरिंदर सिंह गिल।
ADCP बोले-12 बजे तक कार्ट लगाने की दी इजाजत ADCP हरिंदर सिंह गिल ने कहा कि वीर दविंदर को बुलाया था। उनकी बात सुनी गई है। उन्होंने कहा कि सभी लोग रात को 12 बजे तक कार्ट लगा रहे हैं, इसलिए उनको भी लगाने दिया जाए। उनकी बात को सुनने के बाद हमने कहा कि आप भी रात 12 बजे तक काम कर लो। अगर कोई पुलिस वाला पैसा मांगने आता है या तंग करता है तो उसके खिलाफ पर्चा दर्ज करेंगे।

हार्ट अटैक पराठे वालों के कार्ट पर पहुंचीं नूरां सिस्टर्स। (फाइल शॉर्ट)
खान साब, गुरलेज अख्तर, नूरां सिस्टर्स भी चख चुके पराठे का स्वाद हार्ट अटैक पराठे के नाम से कार्ट चलाने वाले वीर दविंदर सिंह के यहां पर कॉमेडियन कपिल शर्मा के अलावा कई सेलिब्रिटी आ चुके हैं। यहां पर पंजाबी सिंगर खान साब, गुरलेज अख्तर और जालंधर की ही रहने वालीं नूरां सिस्टर्स पराठों को स्वाद चख चुकी हैं।
