.
23 अक्टूबर, जैसलमेर, राजस्थान: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान को भारत की ताकत का एहसास हो गया है। वो अब कोई भी दुस्साहस करने से पहले दो बार सोचेगा। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है। फिलहाल रुका है। पाकिस्तान आगे कोई भी हरकत करता है तो इस बार कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। – राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री
3 अक्टूबर, श्रीगंगानगर, राजस्थान: ऑपरेशन सिंदूर 1.0 के दौरान भारत ने संयम दिखाया था, लेकिन अगर दोबारा ऐसी नौबत आती है तो देखना ये है कि हमारी तैयारी कितनी है। इस बार भारत वो संयम नहीं रखेगा जो ऑपरेशन 1.0 में रखा गया था। इस बार हम आगे की कार्रवाई करेंगे। – जनरल उपेंद्र द्विवेदी, सेना प्रमुख
क्या पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर फिर होगा। ये सवाल उठने की सबसे बड़ी वजह देश के रक्षा मंत्री और सेना प्रमुख के बयान हैं। दूसरी वजह पाकिस्तान की तरफ से लगातार सीमा के आसपास आतंकियों के 35 से ज्यादा लॉन्च पैड तैयार करना। पहलगाम अटैक के बाद ऑपरेशन सिंदूर में जिन 9 ठिकानों को भारतीय सेना ने तबाह किया था, इनमें से एक जगह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का बहावलपुर भी था।
अब यहां से हाल में कई वीडियो सामने आए हैं। जिनमें गजवा-ए-हिंद और भारत को ईंट का जवाब पत्थर से देने की बात कहकर उकसाया जा रहा है। साथ ही बांग्लादेश से पाकिस्तान की दोस्ती के भी दावे की बात सामने आ रही है। पाकिस्तान में दैनिक भास्कर को सोर्सेज से मिले कुछ वीडियोज से इनकी पुष्टि भी हुई है। ये अक्टूबर के बताए जा रहे हैं।
एक वी़डियो लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी का है। जबकि बाकी दो वीडियो पाकिस्तान सेंट्रल मुस्लिम लीग के महासचिव और आतंकी राणा सैफुल्लाह के हैं।
पाकिस्तान और PoK के सामने आए वीडियोज में क्या… पाकिस्तान और PoK से 3 वीडियो सामने आए हैं। दो वीडियो पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर के हैं। इसमें पाकिस्तान सेंट्रल मुस्लिम लीग का महासचिव और आतंकी राणा सैफुल्लाह भारत को धमकी दे रहा है। एक वीडियो में राणा सैफुल्लाह लोकल लोगों से कह रहा है कि अगर जिहाद के लिए पाकिस्तान ने ऐलान किया है, तो हम तैयार हैं। गजवा-ए-हिंद के लिए तैयार हो जाएं।
वहीं दूसरे वीडियो में वो बांग्लादेश से पाकिस्तान के करीबी होने का दावा करता है। वो वीडियो में बोलता है, ‘पहले भारत कहता था कि बांग्लादेश को हमने बनाया, लेकिन अब वही बांग्लादेश पाकिस्तान के साथ खड़ा है।‘
तीसरा वीडियो पहलगाम अटैक के समय मास्टरमाइंड के रूप में सामने आए सैफुल्लाह कसूरी का है, वो भी भारत को धमकाता नजर आ रहा है। वो कहता है, ‘भारत के लोग कान खोल कर सुन लें, ये दरिया भी हमारा होगा और ये डैम भी। ये जम्मू कश्मीर भी हमारा होगा। हम दुश्मन से इंतकाम लेना जानते हैं। हम हौसला नहीं हारेंगे। ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।‘
इस धमकी वाले वीडियो के साथ ऐसे वीडियो भी सामने आए हैं, जहां आतंकी ठिकानों को दिन-रात एक करके ठीक किया जा रहा है। ये भी पता चला है कि कई जगहों पर आतंकियों के ट्रेनिंग कैंप भी शुरू कर दिए गए हैं। हमारे पास वो वीडियो भी हैं, जिनमें पाकिस्तान में धराशायी किए गए आतंकी ठिकानों को तेजी से बनाने का काम चल रहा है।
मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने इन्हें तबाह किया था, लेकिन अब इनकी मरम्मत का काम किया जा रहा है। पहले इन्हें फरवरी तक पूरा करने का टारेगट था, लेकिन दिसंबर और उसके बाद के महीने में बर्फबारी को ध्यान में रखते हुए मरम्मत के काम में तेजी लाई जा रही है।

ये तस्वीर बहावलपुर की है, जहां बुलडोजर के जरिए टूटा हुआ ढांचा हटाकर नया निर्माण कर दिया गया है।
ऑपरेशन सिंदूर में तबाह आतंकियों के लॉन्च पैड्स फिर तैयार, LoC पर हाई अलर्ट हमें खुफिया सोर्सेज से जानकारी मिली है कि सीमा के आसपास आतंकियों ने फिर से लॉन्चिंग पैड्स तैयार कर लिए हैं। यहां से आतंकी घुसपैठ करने की तैयारी में हैं, जिसकी पुष्टि अब सेना ने भी कर दी है।
BSF कश्मीर फ्रंटियर के IG अशोक यादव ने अक्टूबर की शुरुआत में ही बताया था कि इस साल अब तक दो बार घुसपैठ की कोशिश हुई। हालांकि हमारी सिक्योरिटी फोर्सेज ने उसे नाकाम कर दिया। हमारे पास अब नए सर्विलांस सिस्टम हैं, जो किसी भी घुसपैठ को नाकाम करने में सक्षम हैं।
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से पहले घुसपैठ की कोशिश ज्यादा होती है क्योंकि आतंकियों को पता है कि बर्फबारी के बाद 6 महीने तक घुसपैठ के मौके कम हो जाएंगे। इसलिए वो लगातार कोशिश करते हैं कि कुछ लोगों को घुसपैठ करा दें। हालांकि हम काफी चौकन्ने और अलर्ट मोड में हैं। किसी भी तरह की घुसपैठ कर पाना मुश्किल है।
IG अशोक यादव ने मीडिया के सामने पुष्टि करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने लॉन्च पैड्स भी तैयार किए हैं। ये बांदीपोरा, कुपवाड़ा और बारामूला के आगे PoK की तरफ हैं।

अब जानिए ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की जरूरत को लेकर एक्सपर्ट क्या कह रहे ऑपरेशन सिंदूर 2.0 का मकसद हमला करना नहीं रोकना है अब बात ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की। क्या ऑपरेशन में अटैक होगा। ये रणनीतिक तैयारी है या कुछ और। सेना प्रमुख और रक्षा मंत्री के बयान के बाद हमने इन सवालों के जवाब जानने के लिए कुछ डिफेंस एक्सपर्ट से बात की। सबसे पहले हमारी बात संजय कुलकर्णी से हुई।
क्या पाकिस्तान के खिलाफ फिर ऑपरेशन सिंदूर होने वाला है? इसके जवाब में संजय कहते हैं, ‘ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की तैयारी का मकसद हमला करना नहीं बल्कि हमले रोकना है। पाकिस्तान या आसपास का कोई भी देश भारत पर बुरी नजर नहीं रख सकता।‘
‘भारत पहले ही ऑपरेशन सिंदूर में अपनी ताकत दिखा चुका है। अब आगे की तैयारी में जुटा है, ताकि कोई हमला करने की सोच भी न सके। आप देखिए इस साल मई में हुए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान की मदद की। तुर्की ने ड्रोन से पाकिस्तान की मदद की थी, लेकिन सभी धराशायी हो गए।‘

पाकिस्तान की अमेरिका से करीबी-बांग्लादेश से दोस्ती, इसलिए भारत अलर्ट ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा। PoK और पाकिस्तान में आतंकी कैंप ध्वस्त कर दिए गए। पाकिस्तान फिर से आतंकी गतिविधियों को बढ़ाने की कैसे सोच रहा है? क्या उसे कोई सपोर्ट मिल रहा है?
इस पर संजय कुलकर्णी कहते हैं, ‘पूरी दुनिया जानती है कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान 100 घंटे के अंदर ही मात खा गया। अब पाकिस्तान अमेरिका से मिल रहा है। आपको याद होगा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पिछले कार्यकाल के दौरान कहा था कि पाकिस्तान ने हमारा नुकसान किया है। पाकिस्तान ने पीठ में छुरा घोंपा। ये आतंकी देश है। अब वही डोनाल्ड ट्रम्प पाकिस्तान को जिगरी दोस्त कह रहे हैं।‘
‘वो पाकिस्तानी PM शहबाज शरीफ से मिलते हैं। आसिम मुनीर की बात करते हैं। इस तरह अचानक कल का दुश्मन अब दोस्त बन गया है।‘
बेशक इसमें अमेरिका का इंटरनेशनल इंटरेस्ट हो सकता है क्योंकि अमेरिका चाहता है कि पाकिस्तान में उनका कोई ना कोई एक कदम मजबूती से रहे। जिसकी वजह से पाकिस्तान में अफगानिस्तान, चीन और रूस के लिए बेस बना रहे।

‘इसी तरह बांग्लादेश के साथ मिलकर पाकिस्तानी ISI का जाल फैला रहे हैं। भारत को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। अब बांग्लादेश और पाकिस्तान मिलकर कुछ कर रहे हैं। इस मिलीभगत का फायदा चीन और अमेरिका भी उठा रहे हैं। इसलिए भारत अलर्ट मोड पर है।‘
‘हम अपनी तैयारी में जुटे हैं, जिससे पाकिस्तान में डर कायम रहे। इसलिए हमने ऑपरेशन सिंदूर को स्थगित नहीं किया है। अगर पाकिस्तान आतंक को फिर से बढ़ावा देता है। कोई अटैक करने की सोचता भी है तो उसके खिलाफ बड़ा ऑपरेशन किया जाएगा।‘

अभी ऑपरेशन सिंदूर थमा नहीं, सेना अटैक के लिए हर वक्त तैयार हमने जम्मू में रहने वाले रिटायर्ड ब्रिगेडियर विजय सागर से भी बात की। हमने पूछा कि ऑपरेशन सिंदूर 2.0 क्या है और कैसे चलेगा? क्या भारतीय सेना जल्द कोई नया ऑपरेशन शुरू कर सकती है?
इस पर विजय कहते हैं, ‘मैं ऑपरेशन सिंदूर 2.0 की बात से सहमत नहीं हूं क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर ही अभी खत्म नहीं हुआ है। पहलगाम हमले के बाद जब से ये ऑपरेशन शुरू हुआ, तब से वो अब भी चल रहा है। उस ऑपरेशन को ऑफिशियली कभी बंद नहीं किया गया। इसलिए रक्षा मंत्री भी कह रहे हैं कि अभी ऑपरेशन सिंदूर थमा नहीं है।‘
‘मेरा मानना है कि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से पीछे नहीं हटता है। इसलिए आने वाले दिनों में आशंका है कि पाकिस्तान फिर से कायराना हरकत कर सकता है। वो आतंकी गतिविधि भी कर सकता है। इसके लिए भारत पहले से पूरी तरह से तैयार है। अगर पाकिस्तान ने कुछ भी किया तो भारत तुरंत स्ट्राइक करेगा। हमारी तीनों सेना 24 घंटे लगातार अलर्ट मोड पर हैं।‘
‘इंटेलिजेंस भी पूरी तरह से सजग है। ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने सभी बॉर्डर एरिया में पाकिस्तान के इलाकों में अटैक किया था। बस कच्छ इलाके में अटैक नहीं हुआ था। इस पर पाकिस्तान को लगा कि भारत कच्छ एरिया में कमजोर है। इसलिए पाकिस्तान उस इलाके में एक्टिविटी बढ़ाने लगा। भारत को इसका इनपुट मिला तो तुरंत करारा जवाब दिया।‘
‘दशहरे में खुद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भुज पहुंचे थे। वहां उन्होंने तैयारी की बात की और पाकिस्तान को साफ संदेश दिया कि हम कच्छ में भी पूरी तरह से तैयार हैं। इस बार अगर पाकिस्तान ने कोई भी नापाक कोशिश की तो तुरंत अटैक किया जाएगा।‘

पाकिस्तान और PoK में 35 से ज्यादा आतंकी लॉन्च पैड एक्टिव विजय सागर के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली है कि जम्मू कश्मीर के पास वाले LoC के PoK वाले इलाके में 35 से ज्यादा आतंकी लॉन्च पैड एक्टिव हो चुके हैं। इन्हीं लॉन्च पैड पर आतंकियों का ठिकाना होता है, जहां से ट्रेनिंग लेकर ये घुसपैठ करते हैं। यहां 110 से ज्यादा आतंकियों के होने की सूचना है। अब इनके बारे में भारतीय खुफिया एजेंसियों को जानकारी मिली है।
अगर यहां से कोई बड़ी हरकत होती है तो भारतीय सेना तुरंत एक्शन लेगी। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जम्मू से सटे PoK के इलाके में आतंकियों के लॉन्च पैड के फोटो लिए थे। उसे देखकर अंदाजा लगा सकते हैं कि आतंकियों को घुसपैठ से पहले यहां रखा जाता है।
एडवांस हथियारों के लिए 79 हजार करोड़ रुपए मंजूर विजय आगे कहते हैं कि रक्षा मंत्रालय ने हाल ही में करीब 79 हजार करोड़ रुपए के एडवांस हथियार और सैन्य उपकरण खरीदने को मंजूरी दी है। इनमें नाग मिसाइल भी खरीदी जाएगी। ये एंटी टैंक मिसाइल है। जो दुश्मन के टैंक और बंकर का खात्मा करेगी। ग्राउंड बेस्ड मोबाइल ELINT System (GBMES) भी है, जो 24 घंटे दुश्मन की हरकतों पर नजर रखेगा। ये सिस्टम दुश्मन के रेडियो और इलेक्ट्रॉनिक सिग्नल्स को पकड़कर सिक्योरिटी को मजबूत करेगा।
इसी तरह बजट में नेवी के लिए लैंडिंग प्लेटफॉर्म डॉक्स (LPDs) बनेगा। ये नेवी को समुद्र में बड़े ऑपरेशंस करने में मदद करेगा। एयरफोर्स के लिए कोलैबरेटिव लॉन्ग रेंज टारगेट सेचुरेशन और डिस्ट्रक्शन सिस्टम खरीदा जाएगा। ये सिस्टम बिना पायलट के प्लेन को टेकऑफ, लैंडिंग, नेविगेशन, टारगेट डिटेक्शन और अटैक करने की ताकत देगा। यानी ये ऑटोनॉमस तरीके से दुश्मन पर हमला करेगा। इससे एयरफोर्स की स्ट्राइक पावर और बढ़ेगी। …………….
ये खबर भी पढ़ें… 12 राज्यों में फैला बीमा-फ्रॉड गैंग, आपकी पॉलिसी कितनी सेफ

दिल्ली के शालीमार गार्डन में रहने वाले त्रिलोक कुमार। ऐसे शख्स जिनकी 6 महीने के अंदर दो बार मौत हुई। पहली बार 19 जून 2024 को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से और दूसरी बार 27 दिसंबर 2024 को हार्ट अटैक से हुई। दोनों ही बार दिल्ली नगर निगम के डॉक्यूमेंट पर मृत्यु प्रमाण पत्र जारी हुए। इन्हीं डॉक्यूमेंट्स पर 20 लाख रुपए का बीमा भी पास हो गया। मरने वाले को फिर से जिंदा कर बीमा कराने वाले नेटवर्क का सिर्फ ये एक छोटा सा हिस्सा है। पढ़िए पूरी खबर…
