बेहतर इलाज के लिए घायल बेतिया रेफर।
बेतिया के योगापट्टी थाना क्षेत्र के हरपुरवा चौक पर मंगलवार शाम एक एवीएम गाड़ी और बाइक की टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
हादसे के बाद तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब हरपुरवा चौक के पास तेज रफ्तार एवीएम गाड़ी ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवकों को सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल युवकों की पहचान नवलपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार, बथवरिया थाना क्षेत्र के चंद्रहारूपवलिया गांव निवासी मुस्तकीम आलम और नवलपुर गांव निवासी अरुण कुमार के रूप में हुई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। योगापट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक डॉक्टर नेशार ने तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरपुरवा चौक पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से चौक पर स्पीड ब्रेकर लगाने और यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
