नालंदा के लोगों के लिए अपने घर का बिजली बिल शून्य करने का सुनहरा मौका है। बुधवार को बिहारशरीफ स्थित विद्युत प्रमंडल कार्यालय परिसर में एक भव्य सोलर मेले का आयोजन किया जा रहा है, जहां उपभोक्ता न सिर्फ पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी ले सकेंगे, बल्कि मौके पर ही आवेदन और लोन की प्रक्रिया भी पूरी कर सकेंगे। बिजली विभाग की ओर से आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करना और उन्हें महंगी बिजली के झंझट से स्थायी मुक्ति दिलाना है। एक छत के नीचे बिजली विभाग के अधिकारी और सोलर एजेंसियां रहेंगी विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता मनीषकांत ने बताया कि इस मेले में एक ही छत के नीचे बिजली विभाग के अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और सोलर एजेंसियां मौजूद रहेंगी। इससे उपभोक्ताओं को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को अपनी छत पर सोलर पैनल लगवाने के लिए सरकार की ओर से भारी सब्सिडी दी जा रही है। नियमानुसार, तीन किलोवाट तक का सोलर प्लांट लगाने पर अधिकतम 78 हजार रुपए तक के अनुदान का प्रावधान है। यदि उपभोक्ता के पास शुरुआती निवेश के लिए राशि नहीं है, तो बैंक उन्हें बेहद सस्ती दरों पर ऋण उपलब्ध कराएंगे।
2 लाख रुपए तक के लोन के लिए कागजी कार्रवाई की जरूरत नहीं
मेले की सबसे बड़ी विशेषता ऋण प्रक्रिया का सरल होना है। अधिकारियों के मुताबिक, 2 लाख रुपए तक के लोन के लिए किसी जटिल कागजी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं होगी। इच्छुक उपभोक्ता मात्र अपना पहचान पत्र, फोटो, घर की रसीद और बिजली बिल का कंज्यूमर नंबर लेकर मेले में पहुंच सकते हैं। महज पांच से छह फीसदी की ब्याज दर पर बैंक लोन की सुविधा प्रदान करेंगे। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस मेले को लेकर विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि एक बार सोलर पैनल लग जाने के बाद उपभोक्ता न केवल अपनी जरूरत की बिजली मुफ्त पा सकेंगे, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में वापस भेजकर लाभ भी कमा सकते हैं।
Source link
