बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जमुई सीट से एनडीए की भाजपा प्रत्याशी श्रेयसी सिंह ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। उन्होंने रिकॉर्ड 54,498 मतों के अंतर से यह जीत हासिल की। जीत के बाद श्रेयसी सिंह ने जमुई की जनता और सभी मतदाताओं के प्रति
.
उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में जनता ने उन्हें बेटी और जनसेवक समझकर जिस विश्वास के साथ विजय दिलाई थी, उसे बरकरार रखते हुए इस बार भी जमुई की जनता ने रिकॉर्ड समर्थन दिया है। श्रेयसी सिंह ने स्पष्ट किया कि यह जीत सिर्फ उनकी नहीं, बल्कि भाजपा, एनडीए गठबंधन और हजारों कार्यकर्ताओं की है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत की।
जमुई को विकसित जिला बनाने का दिलाया भरोसा
श्रेयसी सिंह ने कहा कि जमुई की जनता ने उनके काम, व्यवहार और संस्कारों को पसंद किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जमुई को एक विकसित जिला बनाने के लिए उनके प्रयास अब और तेज होंगे और आने वाले समय में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि मतगणना का दिन, 14 नवंबर, उनके पिता स्व. दिग्विजय सिंह का जन्मदिन भी है। उन्होंने कहा कि उनके पिता की कमी हमेशा खलती है, लेकिन उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन उन्हें हमेशा मिलता रहता है।
‘365 दिन जनता के बीच रहकर काम करती हैं’
अपनी जीत पर बोलते हुए श्रेयसी सिंह ने कहा कि वे 365 दिन जनता के बीच रहकर काम करती हैं, इसलिए उन्हें पूरा विश्वास था कि इस बार भी जनता भारी मतों से उन्हें स्वीकार करेगी। उन्होंने दोहराया कि बिहार को विकसित राज्य बनाना ही एनडीए सरकार का लक्ष्य है और वे जमुई के विकास को प्राथमिकता देती रहेंगी।
मंत्री पद को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि वे राजनीति में किसी पद की लालसा लेकर नहीं आई हैं। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व जो भी निर्णय करेगा, वह उन्हें स्वीकार होगा। उनका एकमात्र उद्देश्य जनता की सेवा करना है।
