मुख्य बातें

लंदन भेजने के नाम पर अहमदाबाद के परिवार का अपहरण: दुबई पहुंचने के बाद संपर्क टूटा; एजेंटों ने बेटे की फोटो भेजकर 1 करोड़ मांगे

लंदन भेजने के नाम पर अहमदाबाद के परिवार का अपहरण:  दुबई पहुंचने के बाद संपर्क टूटा; एजेंटों ने बेटे की फोटो भेजकर 1 करोड़ मांगे

गुजरात के अहमदाबाद में रहने वाला एक गुजराती परिवार विदेश भेजने के नाम पर एजेंटों के जाल में फंस गया। परिवार के चार सदस्य पति, पत्नी और उनके दो बेटे 20 अप्रैल को लंदन जाने के लिए निकले थे, लेकिन दुबई पहुंचने के बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया। परिजनों का आरोप है कि एजेंटों ने चारों को बंधक बना लिया है और उन्हें छोड़ने के बदले 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी जा रही है। परिजनों के मुताबिक आरोपियों ने परिवार को डराने के लिए एक बेटे की खून से लथपथ तस्वीर भी भेजी है। साथ ही महिला की एक ऑडियो क्लिप भेजी गई, जिसमें वह रोते हुए पैसे देने की गुहार लगा रही है। इससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है। आशंका जताई जा रही है कि परिवार को केन्या या इथियोपिया के किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर रखा गया है। दिल्ली, श्रीलंका और दुबई होते हुए पहुंचे थे विदेश जानकारी के अनुसार, गोमतीपुर इलाके के रहने वाले परिवार ने लंदन जाने के लिए एजेंट से संपर्क किया था। एजेंट ने प्रति व्यक्ति 25 लाख रुपए में लंदन पहुंचाने का सौदा तय किया था। कुल 1 करोड़ रुपए का पैकेज बनाया गया था। तय हुआ था कि लंदन पहुंचने के बाद पैसे दिए जाएंगे। 20 अप्रैल को एजेंट परिवार को पहले दिल्ली ले गया। वहां कुछ दिन रुकने के बाद उन्हें श्रीलंका भेजा गया और फिर दुबई पहुंचाया गया। दुबई तक परिवार लगातार संपर्क में था, लेकिन उसके बाद अचानक सभी के फोन बंद हो गए। विदेशी नंबर से आया कॉल, खुद को बताया बाबा खान परिवार के लोगों ने बताया कि दुबई के बाद एक विदेशी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बाबा खान बताया और डेढ़ करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। बाद में रकम घटाकर 1 करोड़ और फिर 70 लाख रुपए तक लाने की बात कही गई। बेटे की खून से लथपथ फोटो भेजी परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने दबाव बनाने के लिए परिवार को एक बेटे की खून से लथपथ तस्वीर भेजी। इसके अलावा महिला की एक ऑडियो क्लिप भी भेजी गई, जिसमें वह अपनी बेटी से कह रही है कि “एक बेटे को मार दिया गया है, अगर दो घंटे में पैसे नहीं मिले तो दूसरे बेटे को भी ले जाएंगे।” इस ऑडियो के सामने आने के बाद परिवार दहशत में है। गोमतीपुर थाने में शिकायत दर्ज मामले में परिवार ने गोमतीपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद अहमदाबाद पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ अधिकारी जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने अहमदाबाद के एक एजेंट को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पूछताछ में वलसाड के एक अन्य एजेंट का नाम सामने आया है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क की आशंका पुलिस कॉल और मैसेज की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में मानव तस्करी और अवैध तरीके से विदेश भेजने वाले बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और परिवार को आखिर किस देश में बंधक बनाकर रखा गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *