.
आज की सबसे बड़ी खबर जोधपुर से है। यहां एक थाने में पुलिस ने वकील से धक्का-मुक्की की और कोट फाड़ दिया। इसके विरोध में बड़ी संख्या में वकील थाने के बाहर धरने पर बैठ गए थे। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें
1. जोधपुर में थाने में वकील से धक्का-मुक्की, थानाधिकारी-कॉन्स्टेबल सस्पेंड जोधपुर के कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में वकील भरतसिंह राठौड़ से धक्का-मुक्की हुई। मामले में थानाधिकारी हमीर सिंह और रीडर (कॉन्स्टेबल) नरेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया। सस्पेंड करने के ऑर्डर की कॉपी आने के बाद वकीलों ने विजयी रैली निकाली। इससे पहले, वकील से अभद्रता मामले में राजस्थान हाईकोर्ट ने संज्ञान लेकर मंगलवार सुबह पुलिस कमिश्नर, डीसीपी (वेस्ट) और कुड़ी थानाधिकारी को तलब किया था। पूरी खबर पढ़ें
2. भजनलाल ने की PM से मुलाकात, कल बुलाई कैबिनेट मीटिंग मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को दिल्ली में संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सीएम और पीएम की इस मुलाकात को राजस्थान के राजनीतिक हलकों में काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर भी चर्चा हुई है। इधर, सीएम ने बुधवार को कैबिनेट बैठक बुलाई है। पूरी खबर पढ़ें

3. राजभवन का नाम बदलकर लोकभवन किया, राजस्थान नौवां राज्य राजस्थान में राजभवन का नाम बदलकर लोकभवन कर दिया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने राजभवन का नाम लोकभवन करने की अधिसूचना जारी कर दी है। राजस्थान से पहले आठ राज्यों के राजभवन का नाम बदलकर लोकभवन किया जा चुका है। राजस्थान नौवां राज्य है। पूरी खबर पढ़ें
4. अजमेर दरगाह में नई व्यवस्था पर विवाद, अंजुमन सचिव ने तुगलकी फरमान बताया अजमेर दरगाह में अब लाइसेंसधारी खादिम ही जियारत करा सकेंगे। दरगाह कमेटी ने इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि इस पर विवाद शुरू हो गया है। अंजुमन सैयद जादगान के सचिव सैयद सरवर चिश्ती ने इसे तुगलकी फरमान बताया है। दरगाह नाजिम मोहम्मद बिलाल खान ने कहा- जो भी किया जा रहा है। वह केंद्र सरकार और कोर्ट के आदेश, नियमों के मुताबिक है। पूरी खबर पढ़ें
5. जयपुर में पेट्रोल डालकर जलाए गए प्रेमी की मौत जयपुर में पेट्रोल से जलाए गए प्रेमी-प्रेमिका में से सोमवार देर रात प्रेमी ने दम तोड़ दिया। युवक 60 फीसदी से ज्यादा झुलसा था। प्रेमिका की हालत गंभीर बनी हुई है। मौखमपुरा इलाके के बाड़ोलाव गांव में 29 नवंबर को देर रात कैलाश गुर्जर (25) और उसकी शादीशुदा प्रेमिका सोनी गुर्जर को महिला के रिश्तेदारों ने मचान पर बांधकर जला दिया था। पूरी खबर पढ़ें
अब 3 अहम खबरें
6. जूली बोले- किरोड़ी लाल नकली खाद पकड़ते हैं, सीएम उनको छुड़वा देते हैं नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा- कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कितनी नकली फैक्ट्री पकड़ी। उनमें कितने लोगों को अरेस्ट किया। किरोड़ी लाल पकड़ते हैं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा उनको छुड़वा देते हैं। एक भी आदमी बंद नहीं हुआ। जूली ने यह बात अलवर में एक कार्यक्रम में कही। इस दौरान गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी मौजूद थे। पूरी खबर पढ़ें
7. पत्नी से अवैध संबंध के कारण बिजनेस पार्टनर की हत्या भीलवाड़ा में 4 दिन पहले युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या उसके बिजनेस पार्टनर ने की थी। पुलिस ने आरोपी रामेश्वर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक महेंद्र सिंह पंवार रामेश्वर का बिजनेस पार्टनर था। दोनों में अच्छी दोस्ती थी। महेंद्र के रामेश्वर की पत्नी से अवैध संबंध थे। जब रामेश्वर ने महेंद्र को समझाने की कोशिश की तो उसने धमकाया। इसके बाद रामेश्वर ने महेंद्र की हत्या की योजना बनाई। पूरी खबर पढ़ें
8. 20 मिनट तक सरिए से ATM तोड़ने की कोशिश करता रहा बदमाश उदयपुर में एक नकाबपोश बदमाश एटीएम तोड़ने के लिए 20 मिनट तक सरिए के जरिए जोर लगाता रहा। लेकिन एटीएम तोड़ने में विफल रहा। आखिर बदमाश खाली हाथ लौट गया। घटना डबोक थाना क्षेत्र में सांगवा मार्ग पर सोमवार रात 1:15 बजे हिताशी कंपनी के एटीएम की है। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है
9. SIR पूरा होने पर बीएलओ के साथ नाचे SDM-तहसीलदार जयपुर के चौमूं में स्पेशल इंटेसिव रिवीजन (SIR) का काम पूरा होने पर सोमवार रात SDM ने सभी बीएलओ को पार्टी दी। पार्टी में SDM दिलीप सिंह राठौड़, तहसीलदार विजय पाल और बीएलओ ने जमकर डांस किया। डिनर और पार्टी के दौरान कई बीएलओ को सम्मानित भी किया गया। पूरी खबर पढ़ें

कल क्या होगा खास
10. 3 दिसंबर से शेखावाटी क्षेत्र में शीतलहर राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र सीकर, झुंझुनूं और चूरू जिले में 3 दिसंबर से शीतलहर चल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
