झज्जर कमिश्नर ADGP डॉ. राजश्री सिंह।
झज्जर में ठंड के मौसम के साथ धुंध एवं कोहरे का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे सुबह और देर शाम के समय दृश्यता अत्यंत कम हो जाती है। झज्जर कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने युवाओं से अपील की है कि सुबह और शाम के समय में सड़क पर व्यायाम और अभ्यास करने से बचाव
.
कमिश्नर ने कहा कि कोहरे में सड़क पर दौड़ने, टहलने या व्यायाम करने वाले नागरिकों के लिए सड़क दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि कोहरे के कारण वाहन चालकों को सामने चल रहे व्यक्ति समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे अचानक हादसे हो सकते हैं। विशेष रूप से प्रातकालीन समय में मॉर्निंग वॉक और रनिंग करने वाले लोग अधिक जोखिम में रहते हैं।
भर्ती की तैयारी के लिए खुले मैदान में जाएं
उन्होंने कहा कि हरियाणा के अधिकांश युवा एवं जवान पैरामिलिट्री फोर्स, सेना और अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती होने की तैयारी करते हैं, जिसके लिए वे नियमित रूप से दौड़ और शारीरिक अभ्यास करते हैं। ऐसे युवाओं से विशेष अपील है कि वे सड़क के बजाय खेल स्टेडियम, खुले मैदान, पार्क या अन्य सुरक्षित स्थानों पर ही अभ्यास करें।
स्वास्थ्य और फिटनेस के साथ सुरक्षा जरूरी
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य और फिटनेस अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन जीवन की सुरक्षा उससे भी अधिक जरूरी है। सुरक्षित स्थानों पर अभ्यास करने से न केवल दुर्घटनाओं से बचाव होगा, बल्कि बेहतर वातावरण में प्रशिक्षण भी संभव होगा। यदि किसी कारणवश सड़क के पास जाना आवश्यक हो, तो रिफ्लेक्टर युक्त जैकेट या चमकीले कपड़े पहनें। उन्होंने वाहन चालकों से भी अपील की कि कोहरे के समय धीमी गति से वाहन चलाएं, फॉग लाइट का प्रयोग करें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
