छत्तीसगढ़ के धमतरी में राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। आमातालाब स्थित इनडोर स्टेडियम में मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
.
कार्यक्रम में खिलाड़ी, शिक्षक, खेल संघ के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने फिट इंडिया की शपथ ली। इस अवसर पर एसडीएम और महापौर की टीमों के बीच रस्साकशी का सद्भावना मैच हुआ। एसडीएम की टीम ने यह मैच जीता।
पहले दिन 100 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, रिले रेस और रस्साकशी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिले के 107 राष्ट्रीय खिलाड़ियों को ‘मोर खेल मोर गौरव’ सम्मान से सम्मानित किया गया। इन खिलाड़ियों ने विभिन्न राज्यों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया है।
एसडीएम और जिला खेल अधिकारी पीयूष तिवारी ने कहा कि खेल जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी है। तीन दिवसीय इस महोत्सव में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और टेबल टेनिस प्रतियोगिताएं होंगी। उनका लक्ष्य है कि जिले के हर गांव और स्कूल तक खेलों की पहुंच हो।
महापौर ने बताया कि स्थानीय प्रशासन खेलों को बढ़ावा दे रहा है। धमतरी में स्टेडियम के लिए 5 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। वे 10 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत कराने का प्रयास करेंगे।

