इंदौर के पलासिया चौराहा पर बुधवार देर रात दो कारों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में एक कार से नशे में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला है। एसीपी खजराना कुंदन मंडलोई ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब व्हाइट चर्च चौराहे की ओर से आ रही एक कार को रीगल की तरफ जा रही दूसरी कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एक कार सड़क पर घूम गई। सूचना मिलते ही बीट पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में महेश्वर निवासी विनायक और उसका साथी घायल हुए हैं। विनायक को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया है। कार से मिला नशीला पदार्थ पुलिस के मुताबिक एक कार की तलाशी के दौरान गोगो पेपर सहित नशे में उपयोग होने वाला अन्य सामान मिला है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि टक्कर मारने वाली कार में सवार युवक नशे की हालत में थे। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। राऊ में तेज रफ्तार कार पलटी, मकान में घुसी राऊ इलाके में बुधवार रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सड़क किनारे स्थित एक मकान के सामने के हिस्से में जा घुसी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि कार मकान के बाहर ही रुक गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में कार चला रहे युवक को मामूली चोट आई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद युवक कार छोड़कर मौके से चला गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को सीधा कर थाने पहुंचाया और वाहन जब्त कर लिया है।
Source link
