गुरुग्राम जिले में साइबर अपराधियों ने तीन अलग-अलग मामलों में लोगों को 3.28 लाख रुपए का चूना लगाया है। साइबर क्राइम थाना मानेसर और साइबर क्राइम पश्चिम थाना में मामलों की शिकायतें दर्ज की गई हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
.
तीन ट्रांजैक्शन में निकाली रकम
जानकारी के अनुसार पहले मामले में भांगरौला मानेसर के शिवम मिश्रा के साथ क्रेडिट कार्ड रिवार्ड के नाम पर 1.04 लाख रुपए की ठगी हुई। 25 जुलाई को एक व्यक्ति ने खुद को एक्सिस बैंक का अधिकारी बताया। उसने शिवम को Myappaxi.in ऐप डाउनलोड करने को कहा। ऐप में कार्ड की जानकारी डालते ही तीन ट्रांजैक्शन में पैसे निकाल लिए गए।
मोबाइल नंबर क्लोन कर ठगी
वहीं दूसरे मामले में मोहम्मदपुर मानेसर के सुरेश बाबू और उनकी पत्नी वसंती देवी के बैंक खातों से 1.20 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई। 21 से 23 अगस्त के बीच यह वारदात हुई। ठगों ने उनका मोबाइल नंबर क्लोन कर यह धोखाधड़ी की। मोबाइल नंबर 20 अगस्त को बंद हुआ और 24 अगस्त को चालू हुआ। पुलिस ने दोनों मामलों में धारा 318(4) BNS के तहत केस दर्ज किया है। मामलों की गहन जांच कर रही है।
बैंक खाता हैक कर ट्रांजैक्शन
तीसरे मामले में सेक्टर 22 मुल्लाहेड़ा प्रदीप कुमार का है। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त 2025 को एयरटेल ऐप से रिचार्ज करने का प्रयास किया था, जो असफल रहा। 01 सितंबर 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को एयरटेल कस्टमर केयर बताकर फोन किया और कहा कि आपके असफल रिचार्ज के 299 रिफंड किए जा रहे हैं। इसके बाद प्रदीप कुमार का खाता हैक कर लिया गया।
उनके SBI के दो खातों से 1 लाख 02 हजार 499 रुपए निकाल लिए। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम पश्चिम गुरुग्राम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है
