कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड के पचगावां गांव में वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर पंचायत डोमचांच से निकलने वाले कचरे के रिसाइक्लिंग के लिए यहां 3.50 करोड़ रुपए की लागत से प्लांट बनाया जाना है।
.
डोमचांच अंचलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की योजना के तहत सभी जिलों और पंचायतों में रिसाइक्लिंग प्लांट स्थापित किए जाने हैं। इसी क्रम में पचगावां में एक एकड़ जमीन पर प्लांट का निर्माण होगा। भविष्य में 4 एकड़ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण कर प्लांट का विस्तार किया जाएगा।
जमीन पर अस्पताल या शिक्षण संस्थान बने तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं: ग्रामीण
प्लांट में सूखे और गीले कचरे का रिसाइक्लिंग कर उसे पुनः उपयोग में लाया जाएगा। इससे कचरे से होने वाली समस्याओं का समाधान होगा। लेकिन ग्रामीणों में आशंका है कि कचरे के जमा होने से दुर्गंध फैलेगी और बीमारियां बढ़ेंगी।
ग्रामीणों की मांग है कि डोमचांच नगर पंचायत का कचरा उसी क्षेत्र में प्रोसेस किया जाए। उनका कहना है कि यदि इस जमीन पर अस्पताल या शिक्षण संस्थान बने तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
विरोध के बाद मौके पर डोमचांच अंचलाधिकारी, नगर पंचायत प्रशासक, थाना प्रभारी और 50 से अधिक पुलिसकर्मी मौजूद हैं। प्रशासन ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहा है।
