बालोद में दूसरे गांव से झांकी देखने पहुंचे युवकों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना नया बस स्टैंड चौपाटी के पास मंगलवार रात 2 बजे की बताई जा रही है। मामला बालोद थाना क्षेत्र का है।
.
पीड़ित धनंजय साहू ने बताया कि वह अपने दोस्त गितेश साहू के साथ गणेश विसर्जन झांकी देखने बालोद आया था। इसी दौरान रेलवे कॉलोनी के निवासी नितेश यादव, उमेश सिरदार और दिनेश निषाद आपस में विवाद कर रहे थे। धनंजय के अनुसार, अचानक तीनों ने उन्हें उंगली दिखाकर गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ में पहने चूड़े से मारपीट की।
आंख के नीचे चोट, चेहरे में आया सूजन
पीड़ित ने बताया कि दिनेश निषाद ने हाथ में पहने चूड़ा से वार किया। जिससे उनकी दाहिनी आंख के नीचे चोट आई और खून निकलने लगा। वहीं बाकी ने हाथ मुक्कों से हमला किया। जिससे चेहरे और सिर में भी चोट लगी। इस बीच उनके दोस्त गितेश साहू, शुभम यदु, आकाश साहू और प्रदीप जोशी ने बीच-बचाव किया। इसके बाद सभी ने मिलकर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
बालोद थाने में दर्ज हुआ अपराध
पुलिस ने शिकायत पर नितेश यादव, उमेश सिरदार, दिनेश निषाद और अन्य साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
