अंकित श्रीवास्तव | जौनपुर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जौनपुर में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में सैनिक कल्याण बोर्ड परिसर में एक सैनिक पुर्नमिलन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहीद के परिजनों और पूर्व सैनिकों को अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अमर जवान स्तम्भ पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने अमर वीर शहीदों के बलिदानों को याद किया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक देश की अमूल्य धरोहर हैं, जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और गरिमा को सुरक्षित रखा है।

जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिकों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी अपनी प्रतिभा से विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सेवाएं दे सकते हैं। उन्होंने पूर्व सैनिकों से किसी भी समस्या के लिए जिला प्रशासन से संपर्क करने का आग्रह किया और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि अतुल कुमार ने भी पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सैनिक अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा देश की सेवा में समर्पित करते हैं। सीमा पर उनकी मजबूत उपस्थिति के कारण ही नागरिक सुरक्षित महसूस करते हैं।
लेफ्टिनेंट कर्नल अहलावत ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, एनसीसी के अधिकारीगण और अन्य भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
