.
अब जेईई मेन, नीट यूजी और सीयूईटी (यूजी-पीजी) परीक्षाओं के लिए उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र सिर्फ अपने स्थायी या वर्तमान पते के राज्य में ही मिलेगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने कहा है कि परीक्षा केंद्र का चयन अब उम्मीदवार के स्थाई पते या वर्तमान पते के आधार पर ही होगा।
आधार और स्कूल रिकॉर्ड में जानकारी समान होना जरूरी: एनटीए ने 2026 सत्र की परीक्षाओं से पहले उम्मीदवारों को चेतावनी दी है कि वे अपना आधार कार्ड अपडेट करवा लें। आधार कार्ड में दी गई जन्मतिथि, नाम, माता-पिता का नाम और पता 10वीं की मार्कशीट से मेल खाना चाहिए। अगर इनमें भिन्नता पाई गई, तो एग्जाम में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आरक्षित वर्ग के छात्रों को भी अपडेटेड सर्टिफिकेट रखने की सलाह: एनटीए ने एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग वर्ग के छात्रों को सलाह दी है कि वे अपने अपडेटेड जाति और आरक्षण प्रमाणपत्र पहले से तैयार रखें। एनटीए के नए नियमों के अनुसार, परीक्षार्थी अब अपने मनपसंद किसी भी राज्य या दूर के शहर को परीक्षा केंद्र के रूप में नहीं चुन सकेंगे। वे सिर्फ अपने निवास राज्य के शहर या आस-पास के जिलों के केंद्रों में से ही चार पसंदीदा परीक्षा शहर चुन पाएंगे। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई छात्र किसी दूसरे राज्य का केंद्र चुनता है, तो उसका आवेदन आधार और स्कूल रिकॉर्ड से मिलाया जाएगा। जानकारी में अंतर मिलने पर एनटीए कारण पूछेगा, और केवल उचित कारण होने पर ही छूट दी जाएगी।
