जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। खाली ट्रक जामताड़ा से बंगाल की ओर जा रहा था, तभी ढेकीपाड़ा के पास तीखे मोड़ पर यह हादसा हुआ।
.
ट्रक ने सबसे पहले सामने से जा रहे एक मालवाहक ऑटो को टक्कर मारी। ऑटो चालक प्रेम शंकर ने बताया कि उनके वाहन में रंग की बोरियां लदी थीं, जो जामताड़ा से बराकर जा रही थीं। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पलट गया और सारा सामान सड़क पर बिखर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक शराब के नशे में था। पहली टक्कर के बाद वह ट्रक लेकर भागने लगा। इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़ी एक अपाची बाइक को भी रौंद दिया। बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भागते हुए ट्रक ने रास्ते में एक भैंस को भी टक्कर मार दी, जिससे आम बागान निवासी नारायण यादव की भैंस घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और ट्रक का पीछा कर चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के पास चालक को पकड़ लिया। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक राजकुमार महतो (41) और खलासी बन्नू बाउरी (45) को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ नशे में वाहन चलाने और लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इलाके में कुछ समय के लिए दहशत और यातायात जाम की स्थिति बनी रही।
