गन्नौर निवासी ऋतिक उर्फ कातिया को गिरफ्तारी के बाद जेल भेज दिया गया है।
सोनीपत पुलिस की क्राइम यूनिट गन्नौर ने एक युवक को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गन्नौर निवासी ऋतिक उर्फ कातिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे एक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूमते हुए पकड़ा।
.
क्राइम यूनिट गन्नौर की टीम 12 अक्टूबर, 2025 को गन्नौर चौक फ्लाईओवर के नीचे गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पानीपत-दिल्ली जी.टी. रोड पर सनपेडा मोड़ के पास एक युवक अवैध हथियार के साथ किसी वारदात की तैयारी में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को घेर लिया। तलाशी लेने पर उसकी पजामी से .32 बोर की एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस ने ऋतिक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
क्राइम यूनिट गन्नौर के जांच अधिकारी विकास ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ऋतिक यह अवैध हथियार कहां से लाया था और उसका असली मकसद क्या था।
