गिरिडीह पुलिस ने बुधवार रात जाली नोट खपाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 45 हजार रुपए के नकली नोट, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर जमुआ थाना क्षेत्र में की गई।
.
एसपी गिरिडीह को 15 अक्टूबर की रात लगभग 8 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि जमुआ थाना क्षेत्र के चितरडीह रोड में जाली नोट गिरोह सक्रिय है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खोरीमहुआ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।
पुलिस वाहन देखते ही भागने लगे
छापेमारी टीम ने चंदा मोड़ के पास सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दो बाइक पर सवार चार युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा। पुलिस वाहन देखते ही वे भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की सहायता से दो युवकों को पकड़ लिया गया, जबकि दो भागने में सफल रहे।
गिरफ्तार युवकों की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के फुफंदी निवासी अभिषेक कुमार राणा और हीरोडीह थाना क्षेत्र के बेरिया निवासी नितीन कुमार के रूप में हुई है। भागे हुए दो आरोपियों के नाम योगेश मंडल और राज उर्फ राजेश मंडल बताए गए हैं, जो हिरोडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
जाली नोट को खपाने का काम स्वीकारा
तलाशी के दौरान अभिषेक कुमार राणा के पास से 45 हजार रुपए के जाली नोट का एक बंडल, एक मोबाइल फोन और यामाहा FZS बाइक बरामद की गई। नितीन कुमार के पास से भी एक मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे जाली नोट को विभिन्न स्थानों पर खपाने का काम करते हैं।
बरामद सभी सामानों को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इस संबंध में जमुआ थाना कांड संख्या 244/2025, दिनांक 15.10.2025, धारा 318(2)/178(1)/179/180/03(05) BNS 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
