टोहाना में बीज के लिए मशक्कत करते हुए किसान।
फतेहाबाद जिले के टोहाना में गेहूं का बीज लेने आए किसानों को लगातार दूसरे दिन भी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के कैंची चौक स्थित बीज बिक्री केंद्र पर बीज न मिलने के बाद किसान मुख्य बीज केंद्र डांगरा रोड पर पहुंच गए, जहां पुलिस भी मौजूद थी।
.
किसानों के पहुंचने पर पुलिस ने मुख्य बीज केंद्र का गेट अंदर से बंद कर लिया, जिससे किसानों और बीज अधिकारियों के बीच हल्की बहस भी हुई। बाद में, केंद्र के मैनेजर जयबीर सिंह ने 20 मिनट के भीतर 500 बैग बीज भेजने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया।
किसान रामनिवास, रमेश और विनोद ने बताया कि वे सुबह 6 बजे से कैंची चौक खरीद केंद्र पर बीज लेने के लिए आए थे, लेकिन उन्हें बीज नहीं मिल रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि विभाग झज्जर में बीज भेज रहा है, जबकि टोहाना के किसान परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम करने से पीछे नहीं हटेंगे। किसानों ने यह भी बताया कि शुक्रवार को भी वे परेशान थे, लेकिन प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
सरकारी बीज केंद्र के मैनेजर जयबीर सिंह ने बताया कि कुछ किसान कैंची चौक बीज बिक्री केंद्र पर बीज न मिलने के कारण मुख्य केंद्र पर आए थे। इसके बाद 500 बैग का एक ट्रक कैंची चौक भेज दिया गया था। झज्जर में बीज भेजने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में बीज की आपूर्ति करनी होती है।
