मुख्य बातें

राहुल-तेजस्वी को कानून बदलने के लिए दोबारा जन्म लेना पड़ेगा: रामपुर में मुख्तार अब्बास नकवी बोले- सपा को लगानी चाहिए प्रचारकों की प्रदर्शनी – Rampur News

राहुल-तेजस्वी को कानून बदलने के लिए दोबारा जन्म लेना पड़ेगा:  रामपुर में मुख्तार अब्बास नकवी बोले- सपा को लगानी चाहिए प्रचारकों की प्रदर्शनी – Rampur News


शन्नू ख़ान | रामपुर2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को रामपुर में कांग्रेस और सपा पर तीखा प्रहार किया। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि संसद में हुए कानून संशोधनों को खत्म करने के लिए उन्हें “दोबारा जन्म लेना पड़ेगा”। वहीं समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सपा को रामपुर के ‘स्टार चौराहा’ पर अपने स्टार प्रचारकों की प्रदर्शनी लगानी चाहिए।

नकवी ने कहा, “सपा ने बिहार चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की पूरी फौज भेजी है। लेकिन रामपुर में भी एक स्टार चौराहा है, जहाँ उन्हें अपनी प्रदर्शनी लगानी चाहिए। जो पार्टी वहाँ चुनाव नहीं लड़ रही, वह ‘मान ना मान, मैं तेरा मेहमान’ की तरह व्यवहार कर रही है।”

पूर्व मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव “सामंती, सुल्तान और टीपू” जैसी गलतफहमियों में जी रहे हैं। उन्होंने कहा, “संसद में हुए कानून सुधारों को खत्म करने के लिए उन्हें जन्म-जन्मांतर में दो बार जन्म लेना पड़ेगा। ना नौ मन तेल होगा, ना तेजस्वी जी को यह मौका मिलेगा। गलतफहमी राजनीतिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।”

मुसलमानों को दिया संदेश

नकवी ने कहा कि भाजपा के प्रति जो राजनीतिक असहिष्णुता और अस्पृश्यता का भाव मुसलमानों के मन में भरा गया है, उसे छोड़कर उन्हें गुण-दोष के आधार पर वोट देना चाहिए। उन्होंने कहा, “हर कानून सुधार को सांप्रदायिक चश्मे से देखना बंद होना चाहिए।”

आजम खान पर भी बोले

आजम खान के ‘जलने वाले’ बयान पर नकवी ने कहा, “दीप जल रहे हैं, किसी के दिल जल रहे हैं। ऐसा बयान पक्षपातपूर्ण है और अच्छा नहीं है।”

बिहार और यूपी चुनाव पर बोले

नकवी ने कहा कि बिहार चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। तथाकथित गठबंधन की गठरी में जितने छेद हैं, उससे ज्यादा उनके मतभेद हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “छेद को रफू और मतभेद को रफू चक्कर करने में ही चुनाव निपट जाएगा और गठबंधन सिमट जाएगा।”

उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर उन्होंने कहा, 2027 में फिर से बीजेपी विजय पताका फहराएगी। यूपी की चुनावी चौपाल पर सपा और उनके साथी चारों खाने चित होंगे। वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने कहा, “वोट चोरी का मुद्दा अब फुस्स हो गया है।

जो हाइड्रोजन और आइटम बम लेकर निकले थे, वे अब नजर नहीं आ रहे। ‘हिट एंड रन’ करने वाले राजनीतिक खिलाड़ी धरासाई हो जाएंगे। मुख्तार अब्बास नकवी जल्द ही छह दिन के बिहार दौरे पर रहेंगे, जहाँ वे कई जनसभाओं और चुनावी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *