सत्यम पांडे | भदोही (संत रविदास नगर)4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मिर्जापुर-भदोही को जोड़ने वाले गंगा नदी पर रामपुर घाट सेतु के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण पर बड़ा फैसला लिया गया है। डीएम शैलेष कुमार ने भदोही की ओर अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के लिए सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा देने की संस्तुति प्रदान की है। यह निर्णय कलेक्ट्रेट सभागार में काश्तकारों और अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शैलेष कुमार और अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य ने की। सेतु निर्माण इकाई मिर्जापुर के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि रामपुर घाट सेतु के भदोही छोर पर कुल 4.500 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इससे 42 गाटा और 269 किसान प्रभावित होंगे।
उपस्थित किसानों के प्रतिनिधियों ने अपनी आजीविका और परिवार के विस्थापन के विभिन्न पहलुओं को सामने रखते हुए सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा दिए जाने की मांग की। किसानों की इस मांग पर जिलाधिकारी ने सहमति जताते हुए चार गुना मुआवजे पर अपनी संस्तुति दी।

यह भूमि अधिग्रहण जनपद भदोही को आपस में जोड़ने वाले रामपुर घाट पर दीर्घ सेतु, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों के निर्माण के लिए आवश्यक है। राजस्व नक्शे के अनुसार, ग्राम विहरोजपुर उपवार, तालुका कोढ़, तहसील ज्ञानपुर, जिला भदोही में लगभग 4.500 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। भूमि क्रय की लागत 10 करोड़ रुपए से अधिक होने के कारण, शासनादेश के निर्देशों के अनुसार भूमि दरों की स्वीकृति और कुल भूमि मूल्य के अनुमोदन के लिए एक समिति गठित कर सामूहिक निर्णय लिया गया।
विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी, भदोही द्वारा आपसी सहमति के आधार पर भूमि अधिग्रहित करने हेतु सेतु के संरेखण में आ रही भूमि की मापी कराकर खाता संख्या, गाटा संख्या और रकबे की सूची तैयार की गई है। मुआवजा वितरण के लिए प्रभावित काश्तकारों की खसरा खतौनी के अनुसार अंश निर्धारण कराते हुए सूची भी उपलब्ध करा दी गई है। उप निबंधक, ज्ञानपुर, भदोही ने आराजी मौजा बिहरोजपुर उपरवार की मूल्यांकन सूची भी प्रदान की है।
