हिसार के हांसी के नजदीकी एक गांव में स्थित एक डेरे के महंत को नाबालिग लड़की से रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट और विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
पीड़िता के परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि महंत ने पहले लड़की को नशीला पदार्थ सुंघाया, फिर उसे अपने साथ फतेहाबाद ले गया। होश में आने पर लड़की किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को सारी बात बताई, जिसके बाद तुरंत पुलिस में शिकायत दी गई।
तीन सालों से डेरे में रह रहा
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब तीन वर्षों से गांव में डेरे के महंत के रूप में रह रहा था और लोगों के बीच खुद को धार्मिक व्यक्ति बताता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में कई बार पंचायत भी हो चुकी है।
हांसी सदर थाना पुलिस ने आरोपी महंत को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पूरी जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
