अनुमंडल पदाधिकारी ने चेक पोस्ट का निरीक्षण किया।
लखीसराय जिले के अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) प्रभाकर कुमार ने शुक्रवार रात तरहारी और घोंघसा चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने 168 लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में आगामी मतदान को देखते हुए सख्त निगरानी और आदर्श आचार संहिता के पालन के निर्देश दिए।
.
निरीक्षण के दौरान, एसडीओ ने चेकपोस्ट पर तैनात अधिकारियों और कर्मियों से गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विधि व्यवस्था बनाए रखने और आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
एसडीओ प्रभाकर कुमार ने निर्देश दिया कि सभी वाहनों की कड़ी निगरानी रखी जाए और संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों तथा सामग्रियों की सघन जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अवैध धनराशि, शराब, उपहार या अन्य प्रलोभनकारी सामग्री के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक चेकपोस्ट पर सीसीटीवी कैमरे, जांच उपकरण, रजिस्टर और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। एसडीओ ने अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति सजग और सतर्क रहने का निर्देश दिया, जिससे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
