हांसी में ग्रामीणों से संवाद करते एडीजीपी कृष्ण कुमार राव।
हिसार के हांसी में सामुदायिक संपर्क कार्यक्रम के तहत एडीजीपी हिसार रेंज कृष्ण कुमार राव और पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन शुक्रवार शाम करीब सात बजे गांव ढंढेरी पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए
.
एडीजीपी राव ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य केवल अपराध रोकना नहीं, बल्कि जनता के साथ संवाद और विश्वास बनाए रखना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता में पुलिस के प्रति भरोसा और बढ़े।
उन्होंने यह भी कहा कि सामुदायिक भागीदारी से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। एडीजीपी ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि गांव में कोई समस्या या अवैध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
हांसी में शहीद की प्रतिमा को नमन करते कृष्ण कुमार राव
युवा समाज का भविष्य : एसपी यशवर्धन
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने युवाओं को समाज का भविष्य बताते हुए कहा कि जिले को ड्रग मुक्त बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने जोर दिया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को कमजोर करता है, इसलिए सभी को मिलकर इसके खिलाफ आवाज उठानी होगी।
इस कार्यक्रम में डीएसपी विनोद शंकर, सदर थाना प्रभारी सुमेर, गांव के सरपंच संदीप, सात बास खाप के प्रधान बलवान मालिक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा संगठन, महिला प्रतिनिधि और पुलिस कर्मी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने सामुदायिक संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रशासन और जनता के बीच दूरी कम होगी और समस्याओं का समाधान तेजी से होगा।
