धनबाद पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार देर रात बोर्रागढ़ ओ.पी. क्षेत्र में गश्ती के दौरान एक अपराधी को अवैध हथियार और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया।
.
सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर जिले भर में ‘क्राइम प्रिवेंशन ड्राइव’ के तहत नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भुगतगढिया चौक के पास एक युवक बाइक से किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इस सूचना पर वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर बोर्रागढ़ ओ.पी. प्रभारी के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया।
आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्तौल बरामद किया गया।
गठित टीम ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी के दौरान राजा कुमार नामक युवक को मौके से धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोडेड पिस्तौल (एक ज़िंदा गोली सहित) और एक बाइक बरामद की गई। गिरफ्तार अपराधी की पहचान होरलाडीह 7 नंबर, बोर्रागढ़ ओ.पी. क्षेत्र निवासी राजा कुमार के रूप में हुई है।
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी राजा कुमार किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था। प्राथमिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि उसका पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में झरिया थाना क्षेत्र के एक गंभीर मामले में वांछित अपराधी है।
राजा कुमार के खिलाफ बोर्रागढ़ थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसके संभावित सहयोगियों और आपराधिक मंसूबों का पता लगाने के लिए अग्रिम अनुसंधान कर रही है।
