कोडरमा झुमरीतिलैया में दर्दनाक सड़क हादसे में सदर अस्पताल की लिपिक सुलोचना कुमारी (55 वर्ष) की मौत हो गई। यह हादसा तिलैया थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक के पास हुआ। वह अपने बेटे के साथ बाइक से घर लौट रही थीं।
.
जानकारी के अनुसार, सुलोचना कुमारी शनिवार को अपना काम खत्म कर झुमरीतिलैया के अड्डी बंग्ला रोड स्थित अपने आवास जा रही थीं। उसी दौरान रांची-पटना रोड पर महाराणा प्रताप चौक के पास अचानक एक गाय सड़क पर आ गई।
बेटे ने गाय को बचाने के लिए बाइक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और सुलोचना कुमारी नीचे गिर पड़ीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सेवानिवृत्त शिक्षक की पत्नी थीं सुलोचना कुमारी
दुर्घटना की खबर मिलते ही पति रंजीत कुमार और अन्य परिजन अस्पताल पहुंचे। रंजीत कुमार सरकारी शिक्षक थे। दो साल पहले ही सेवानिवृत्त हुए थे। सुलोचना कुमारी अपने पीछे तीन पुत्रों को छोड़ गई हैं। उनके निधन से सदर अस्पताल के कर्मियों और मोहल्ले में गहरा शोक है।
एनएच पर मवेशियों का घूमना बना जानलेवा
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि एनएच-20 पर मवेशियों का खुलेआम घूमना लगातार हादसों का कारण बन रहा है। पहले प्रशासन ने इन मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजने का अभियान चलाया था, लेकिन अब यह अभियान ठंडे बस्ते में चला गया है। सड़क पर फिर से बड़ी संख्या में मवेशियों का झुंड घूमता नजर आ रहा है।
लोगों ने उठाई अंडरपास निर्माण की मांग
इसी बीच, स्थानीय लोगों ने महाराणा प्रताप चौक पर अंडरपास बनाने की मांग भी दोहराई है। उनका कहना है कि यह चौक एनएच को मुख्य शहर से जोड़ता है और रोजाना हजारों वाहन यहां से गुजरते हैं। सड़क पार करने के दौरान अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना है कि अगर अंडरपास बनाया जाए, तो ऐसी घटनाओं में काफी कमी आ सकती है।
