जन जागरूकता कार्यक्रम में शामिल स्थानीय लोग।
शिवहर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आपदा पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाओं पर एक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सचिव सह न्यायाधीश ललन कुमार रजक के देखरेख में प्रखंड कार्यालय शिवहर में संपन्न हुआ।
.
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आपदा से प्रभावित लोगों को कानूनी सहायता प्रदान करना था। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता मिथिलेश कुमार ने लोगों को नालसा (आपदा पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाएं) योजना 2010 के तहत मिलने वाले लाभों और कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिवक्ता मिथिलेश कुमार ने आगामी 13 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली वर्ष की चौथी राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी बताया। उन्होंने जानकारी दी कि इसमें दोनों पक्ष न्यायालय में लंबित सुलहनीय मुकदमों को निःशुल्क और एक ही दिन में समाप्त करा सकते हैं, जिसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि कोई व्यक्ति जेल में बंद है, तो उसे एलएसडी सीएस शिवहर के माध्यम से निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। इसमें जमानत से लेकर मुकदमे के विचारण तक मदद शामिल है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस जानकारी का फायदा उठाया।
इस अवसर पर अधिकार मित्र (पीएलवी) महालक्ष्मी कुमारी ने भी निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य कार्यालय शिवहर व्यवहार न्यायालय में स्थित है।
