कोंडागांव कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना गुरुवार को ग्राम चिखलपुट्टी के आंगनबाड़ी केंद्र प्लाटपारा में आयोजित सुपोषण चौपाल और पालक बैठक में शामिल हुईं। उन्होंने इस दौरान बच्चों और महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उपस्थित माताओं से संवाद किया।
.
कलेक्टर ने स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक परिवार को स्वस्थ व्यवहार अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने माताओं से अपने बच्चों को नियमित रूप से स्तनपान कराने और स्वयं भी पौष्टिक और संतुलित आहार लेने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने बताया कि शिशुओं के शारीरिक विकास के लिए हर दो घंटे के अंतराल पर स्तनपान कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों का नियमित वजन कराने, निर्धारित डाइट चार्ट के अनुसार भोजन देने और रेडी टू ईट आहार नियमित रूप से खिलाने की सलाह दी।
कलेक्टर ने बच्चों की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया
कलेक्टर ने कार्यक्रम में बच्चों की ओर से प्रस्तुत विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर उनकी सराहना भी की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धनराजी शुक्ला ने ‘परवरिश के चैंपियन’ कार्यक्रम के तहत ‘नाप-तौल’ थीम पर माताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों की समुचित देखभाल और पोषण आहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
