गोड्डा पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को 8 किलो गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को महागामा थाना क्षेत्र से पकड़ा गया और उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
.
एसपी मुकेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक पर गांजा लेकर बंसतराय से कर्कटडीह होते हुए महागामा की ओर जा रहा है। इस सूचना पर, एसपी के निर्देश पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद के नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया।
बाइक से भागने की कोशिश की
छापेमारी टीम ने ग्राम मनियामोड़ से कर्कटडीह जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। सुबह करीब 9:30 बजे, बताए गए क्लर की मोटरसाइकिल कर्कटडीह की ओर से मनियामोड़ की तरफ आती दिखी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस बल ने उसे तुरंत पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल पर बंधे एक झोले से लगभग पांच किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा, मोटरसाइकिल की डिक्की से तीन किलो गांजा और सीट के नीचे से एक चाकू भी मिला। कुल 8 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपए बताए गए है और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया गया।
पहले भी गांजा तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोड्डा के बंसतराय थाना क्षेत्र निवासी बल्लू साह उम्र करीब 50 वर्ष के रूप में हुई है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आज़ाद ने बताया कि आरोपी बल्लू साह पहले भी गांजा तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है। गोड्डा पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से क्षेत्र में तस्करों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
