रामगढ़ थाना क्षेत्र के सुभाष चौक के पास एक निर्माणाधीन इमारत में कार्यरत इलेक्ट्रिशियन लक्ष्मण कुमार महतो (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बिल्डिंग के मुंशी नगेंद्र सिंह पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
.
मृतक लक्ष्मण कुमार महतो इचातु प्रखंड के दुलमी गांव निवासी जटलू महतो के पुत्र थे। परिवार के सदस्यों के अनुसार, वह पिछले दो वर्षों से इसी निर्माणाधीन इमारत में इलेक्ट्रिशियन के तौर पर काम कर रहे थे।
लक्ष्मण बकाया रुपए मांगने गया था: भाई
लक्ष्मण के भाई लाल धारी महतो ने आरोप लगाया है कि लक्ष्मण का कुछ पैसा मुंशी नगेंद्र सिंह के पास बकाया था। जब लक्ष्मण यह पैसा मांगने गया, तो मुंशी ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़।
घटना के बाद से मुंशी नगेंद्र सिंह फरार
घायल लक्ष्मण को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रबंधन से उनकी बातचीत सफल नहीं होती है, तो वे शव को घटनास्थल पर रखकर प्रदर्शन करेंगे। निर्माणाधीन इमारत के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
घटना के बाद से मुंशी नगेंद्र सिंह फरार है। रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। शव का अभी तक पोस्टमॉर्टम नहीं हुआ है।
