हरदोई में लखनऊ रोड स्थित देहात कोतवाली क्षेत्र के एक मंदिर में धक्का मुक्की का आरोप लगाकर मंगलवार की देर शाम किन्नरों ने हंगामा किया। मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। किन्नर धक्का-मुक्की करने वाले आरोपियों से माफी मंगवाने पर अड़े रहे। डेढ़ घंटे तक पुलिस किन्नरों को मनाती रही। इसके बाद किन्नर शांत हुए। इस दौरान पूजा करने आई सैकड़ों की भीड़ किन्नरों का हंगामा देखकर तरह-तरह की चर्चाएं करती रही। बताया गया कि मंगलवार की देर शाम कोतवाली देहात की कांशीराम कालोनी में रह रहे किन्नरों की टोली बड़े मंगल पर पूजा-अर्चना के लिए लखनऊ रोड स्थित एक मंदिर पहुंची। किन्नर पकंज उर्फ पिंकी, विनीता, टीना, शिवी और सीतापुर की काजल का आरोप है कि वे सारे लोग श्रद्धालु दीर्घा में खड़े थे। इसी दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। साथ ही इधर-उधर से हाथ भी चलाए गए। इसी बात से गुस्साए किन्नरों ने वहां हंगामा करना शुरु कर दिया। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मंदिर प्रबंधन के लोग किन्नरों को समझाते रहे लेकिन किन्नर शांत होने को तैयार नहीं हुए। किन्नरों ने मांग की जिन लोगों ने उनसे धक्का मुक्की की है वह आरोपी उनसे माफी मांगे। मामला बढ़ता देखकर मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। देहात कोतवाल हरिनाथ यादव अपनी टीम के साथ मंदिर परिसर पहुंचे। कोतवाल ने मंदिर प्रबंधन के लोगों के साथ किन्नरों से बात की। मंदिर प्रबंधन के लोग और पुलिस किन्नरों को समझती रही, लेकिन किन्नर माफी मंगवाने पर अड़े रहे। मान-मनौवल करीब डेढ़ घंटे तक चलता रहा। इसके बाद कोतवाल ने मामले की जांच कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद किन्नर शांत हुए। कोतवाल ने सभी को एक साथ ई-रिक्शा पर बैठाकर काशीराम कॉलोनी की ओर रवाना कर दिया। पूजा करने आए लोग किन्नरों के हाव-भाव को देखकर आपस में चर्चा करते रहे। मंदिर के महंत नागेंद्र दास ने बताया कि मंदिर में आरती होने के दौरान किन्नर मंदिर से बाहर जाने के रास्ते से अंदर आ रहे थे। इस दौरान मंदिर के कार्यकर्ताओं ने उनको कुछ देर के लिए रुकने के लिए कहा, लेकिन किन्नर नहीं माने और हंगामा करने लगे।
Source link
