हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) महेंद्र पाल गुर्जर के सरकारी आवास में शुक्रवार सुबह आग लग गई। आज जाने के चलते पूरी कॉलोनी में अफरातफरी का माहौल बन गया। इस घटना में कमरे में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
.
आग की लपटों ने देखते ही देखते कमरे में रखे बेड, एलईडी और अन्य घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तीव्र थी कि कुछ ही देर में पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही ऊना दमकल विभाग की टीम प्रभारी अशोक राणा अपनी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे अन्य कमरों तक फैलने से रोक लिया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया।
आग लगने के समय एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर घर से बाहर थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य निचली मंजिल पर मौजूद थे। एडीसी गुर्जर ने बताया कि इस आगजनी में कमरे का सारा सामान नष्ट हो गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि शॉर्ट सर्किट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
