गुरग्राम में एक्सिस बैंक के रिलेशनिशप मैनेजर को सम्मानित करते पुलिस अफसर।
साइबर सिटी गुरुग्राम में एक सीनियर सिटीजन के साथ होने वाली 64 लाख रुपए की ठगी को एक्सिस बैंक के एक सतर्क रिलेशनशिप मैनेजर ने अपनी सूझबूझ से विफल कर दिया। डिजिटल अरेस्ट के ठगी के मामले में न सिर्फ पीड़ित के पैसे बचाए गए, बल्कि ठगों के खातों को भी समय
.
बैंक अधिकारी की समझदारी को देखते हुए गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने उन्हें 20 हजार का पुरस्कार और प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को एक सीनियर सिटीजन ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी। पीड़ित ने बताया कि उसे फोन पर एक व्यक्ति ने खुद को मुंबई पुलिस का अफसर बताया। बाद में उसे अन्य कथित सीबीआई और मुंबई पुलिस अधिकारियों से भी जोड़ा गया।
ठगों ने की करोड़ों रुपए ट्रांसफर कराने की कोशिश
आरोपियों ने पीड़ित को यह कहकर डराया कि उसके आधार कार्ड और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल गैरकानूनी गतिविधियों में हुआ है और उसके खिलाफ मुकदमा बन सकता है। इसके बाद उसे ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर लिया गया और लगातार संपर्क में रहते हुए उससे करोड़ों रुपए ट्रांसफर करवाने की कोशिश की गई।
डर से पीड़ित ने अपने 5.90 करोड़ रुपए के म्यूचुअल फंड रिडीम कर बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। 11 और 12 नवंबर को उससे कुल 64 लाख रुपए ठगों के खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। इसमें 20 लाख रुपए एसबीआई गोलमुरी, जमशेदपुर और 44 लाख रुपए एक्सिस बैंक बांद्रा, मुंबई के खातों में भेजे गए।
बैंक अफसर को बड़ी ट्रांजैक्शन पर हुआ शक, खाता फ्रीज किया
गुरुग्राम के एक्सिस बैंक गैलेरिया मार्केट शाखा के रिलेशनशिप मैनेजर मीत सभरवाल को खाते में हुई बड़ी ट्रांजैक्शन पर शक हुआ। उन्होंने तुरंत संबंधित बैंक शाखाओं से संपर्क कर दोनों ठगों के खातों को होल्ड करवाया और पीड़ित के खाते को भी फ्रीज कर दिया।
कई प्रयासों के बाद जब पीड़ित ने 18 नवंबर को मैनेजर से संपर्क किया, तब पूरी ठगी का खुलासा हुआ। मीत सभरवाल के समझाने पर ही पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस द्वारा बैंक शाखाओं को अलर्ट करने के बाद ठगों द्वारा फ्रीज खाता अनफ्रीज कराने के सभी प्रयास निष्फल कर दिए गए। मीत सभरवाल की त्वरित कार्रवाई और अनुभव ने 64 लाख रुपए बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गुरुग्राम पुलिस अब पीड़ित की रकम वापस दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।
