बाथरूम में पड़ी लड़की की लाश, अस्पताल में भर्ती आरोपी और मोहल्ले की लड़की बात करती हुई।
पंजाब के जालंधर में रेप न कर पाने पर 13 साल की लड़की की हत्या करने वाले आरोपी हरमिंदर सिंह उर्फ हैप्पी को लेकर नए खुलासे हुए हैं। पुलिस की जांच और मोहल्ले वालों के मुताबिक आरोपी शराब पीने का आदी है। इस वजह से उसका पत्नी के साथ क्लेश रहता था। इससे दुखी
.
पिता के क्लेश की वजह से ही बड़ी बेटी अपना घर छोड़ पिता से दूर अपने ननिहाल में रह रही थी। जिस दिन आरोपी ने हत्या की, उस दिन भी उसकी पत्नी व छोटी बेटी बड़ी लड़की से मिलने के लिए ही लुधियाना गए थे।
आरोपी अकेले घर में बैठकर शराब पीता रहा। इसी दौरान लड़की आरोपी की बेटी अपनी सहेली को मिलने के लिए आ गई तो उसने उसके साथ रेप की कोशिश की। नाकाम होने पर दोनों हाथों से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
13 साल की लड़की, 8वीं क्लास में पढ़ती थी। आरोपी ने कत्ल कर उसकी लाश बाथरूम में छुपा दी थी।- फाइल फोटो
आरोपी को लेकर मोहल्ले वालों ने क्या खुलासे किए…
- दारू पीने का आदी था, घटना के वक्त भी नशे में था: घटना वाले घर से 6 घर छोड़कर रहने वाली महिला ने बताया कि आरोपी दारू पीने का आदी था। पहले तो उन्होंने कभी इसके बारे में गलत नही सुना लेकिन इतना था कि घटना के वक्त ये दारू में पूरी तरह टुन्न था। इतनी शराब पी रखी थी कि जब लोगों ने उसकी पिटाई की तो उसने दर्द में सी तक नहीं की। उसे पता ही नहीं चल पा रहा था कि हो क्या रहा है। उसे कुछ भी होश नहीं था।
- बेड में शव डाल देता तो पता भी नहीं चलता: महिलाओं ने बताया कि शादी वाले घर के बेड उसी दिन आरोपी ने अपने घर से उठवाए थे। ये तो अच्छी बात हुई कि उसे ये बात नहीं सूझी।हम तो यही सोच रहे थे कि अगर वो लड़की की लाश को बेड में डाल देता तब तो केस और उलझ जाता। शादी वाले घर में भी विघ्न पड़ जाता। इसलिए लाश को ठिकाने लगाने के लिए ही वह दोस्त की कार मांगकर लाया था।
- बोला-लड़की को बाहर से ही भेज दिया था: गली की महिलाओं ने बताया कि जब वे लोग लड़की को ढूंढ रहे थे तो ये आदमी भी उनके साथ था। जब इसे पूछा गया कि लड़की तो सीसीटीवी में तुम्हारे घर जाती हुई दिख रही है। इस पर आरोपी कहने लगा कि हां लड़की आई थी। उसने छोटी बेटी के बारे में पूछा कि घर पर है या नहीं तो मैंने कहा था कि नहीं है। मैंने तो लड़की को घर के बाहर से वापस भेज दिया है। मुझे नहीं पता कि वह कहां चली गई। इतना कहने के बाद आरोपी अपने घर में चला गया और अंदर जाकर सो गया। हमें तो उसने अपनी बातों से शक तक नहीं होने दिया कि वह लड़की का मर्डर कर चुका है।
- सच्चा होता तो बाहर लोगों के साथ खड़ा रहता: महिलाओं ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद और लड़की के न मिलने पर हर किसी को आरोपी हैप्पी पर शक था, लेकिन कोई खुलकर इसलिए नहीं कह पा रहा था कि वो गली का था और कभी उसके कैरेक्टर के बारे में ऐसी बात भी नहीं सुनी थी। गली में तो वह ठीक ही था, लेकिन बाहर कैसे था, इसका तो किसी को भी नहीं पता। महिलाओं ने कहा कि अगर वह सच्चा होता तो पूरी रात मोहल्ले के लोगों के साथ खड़ा रहता। लेकिन कुछ देरी लड़की को ढूंढने का ड्रामा कर वह घर के अंदर चला गया और सो गया।
- ताला न तोड़ते तो पता ही नहीं चल पाताः मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पुलिस अंदर गई थी। लेकिन उनको लड़की क्यों नहीं मिली, ये तो हम नहीं जानते। इतना जरूर है कि आरोपी ने घर के गेट पर ताला लगा रखा था। बाथरूम की तरफ गद्दे रखे हुए थे। घर के दो गेट हैं। जिस गेट की तरफ बाथरूम था, उसकी तरफ ताला लगा था। अगर लोग उस गेट का ताला न तोड़ते और बाथरूम न खोलते तो शायद लड़की की लाश उन्हें भी नहीं मिल पाती।
- पत्नी-लड़की की भी जिंदगी खराब की, वो कैसे आएंगे: मोहल्ले के लोगों ने कहा की आरोपी ने लड़की को मारकर अपनी जिंदगी को बर्बाद कर ही ली, इसके साथ ही अपनी दो बेटियों और पत्नी की जिंदगी भी खराब कर दी है। उसकी पत्नी का मोहल्ले की महिलाओं के साथ उठना-बैठना था। अब वो बच्चे और पत्नी किस मुंह से मोहल्ले में आएंगे। आखिर उनका यहां पर घर है। जिस घर की बेटी को मारा गया है, उनके साथ परिवार को सबसे ज्यादा आना-जाना था।

शनिवार रात को घटना के दौरान भड़की भीड़ ने पुलिस कस्टडी में भी आरोपी की पिटाई की थी।
वारदात के 48 घंटे बाद मोहल्ले का माहौल क्या है…
- लोग अपने बच्चों को बाहर नहीं निकलने दे रहेः मोहल्ले की महिला ने बताया कि लड़की के मर्डर के बाद सब लोग सतर्क हो गए हैं। लोगों ने मन में डर इस कदर बैठ गया कि है कि अब बच्चों पर नजर रख रहे हैं और अकेला घर से बाहर नहीं जाने दे रहे हैं। ट्यूशन के लिए बच्चों को खुद पिक एंड ड्राप कर रहे हैं। गलियों में खेलते वक्त भी बच्चों पर नजर रख रहे हैं। खासकर बच्चियों को तो घर से बाहर नहीं निकलने देने की बातें हो रही हैं। इस घटना ने दो दिन में ही मोहल्ले के माहौल को पूरी तरह बदलकर रख दिया है। बच्चे भी सहमे हुए हैं, क्योंकि दो दिन लगातार मोहल्ले में लोगों की भीड़ रही है।
- मोहल्ले में रहने आने वालों का बायोडेटा चेक होना चाहिएः महिलाओं ने बताया कि अब तो उन्हें डर लगने लगा है। वे यहां 40 साल से रह रही हैं, लेकिन कभी इस तरह का माहौल नहीं देखा। ये पहली बार है कि गली में निकलने में भी डर लग रहा है। अपने बच्चों को लेकर भी उनकी चिंता बढ़ गई है। महिलाओं ने कहा कि किसी के मन में क्या है, कुछ भी नहीं पता, इसलिए बच्चों को तो किसी भी सूरत में घर से अकेले बाहर नहीं भेजना है।पहले कभी गली-मोहल्ले में इस तरह की घटना सुनने को मिली ही नहीं थी। जिस आदमी ने घटना को अंजाम दिया, उसके बारे में भी नहीं सोच सकते थे कि वो ऐसा कर देगा। हम तो मांग करते हैं कि गली-मोहल्ले में मकान लेने वाले लोगों के बायोडेटा चेक होने चाहिए और पहले पुलिस वेरिफिकेशन करवानी चाहिए।
- पुराने लोग ठीक हैं, अब कुछ नए घर बन गए हैं: एक महिला ने बताया कि मोहल्ला 40 साल से भी पुराना है। यहां पर पहले कुछ ही घर थे। पुराने सभी लोग ठीक हैं। अब नए घर बन गए हैं। ये लोग कहां से आए हैं और क्या करके आए हैं, इसका तो किसी को भी पता नहीं है। मोहल्ले में अब नए घर बन रहे हैं। कई घर बिकते हैं तो नए मालिक आ जाते हैं। ऐसे में कौन क्या और कैसा है इसके बारे में कुछ नहीं जान पाते।
- मोहल्ले के लोग घटना के बाद से सहमे, बच्चे डरे: लोगों ने बताया कि घटना के बाद से बच्चे भी सहमे हुए हैं। छोटे बच्चे पूछ रहे हैं कि दीदी के साथ क्या हुआ है। अब बच्चों को कैसे समझाएं, लेकिन गली में मातम देख और रोने की आवाजों से बच्चे सहमे हुए हैं। मोहल्ले की महिलाएं डरी हुई हैं। महिलाएं घटना के दिन पुलिस से भी उलझती हुई नजर आई थीं। महिलाओं का एक ही सवाल था कि पुलिस को डेडबॉडी क्यों नहीं मिल पाई। हम पुलिस पर विश्वास कैसे करें।

आरोपी के घर के अंदर कार्रवाई करती थाना भार्गव कैंप पुलिस।
पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में लिया उधर थाना भार्गव कैंप पुलिस ने सिविल अस्पताल से इलाज के बाद आरोपी को कस्टडी में ले लिया है। उम्मीद है कि उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा और रिमांड लिया जाएगा। ADCP हरिंदर सिंह ने कहा कि आरोपी से रिमांड में पूछताछ की जाएगी। उसने लड़की की हत्या कैसे की। यहां वो किसकी कार लेकर आया था और लाश को कहां फेंकने की योजना थी, इन सब सवालों का जवाब लिया जाएगा। ****************
ये खबर भी पढ़ें…
लोगों ने पूछा- मर्डर क्यों किया, आरोपी बोला- उसका रेप करना था

पंजाब के जालंधर में 13 साल की लड़की की रेप न कर पाने पर हत्या करने वाले आरोपी हैप्पी का कबूलनामा सामने आ गया है। आरोपी ने माना कि मेरी बेटी घर नहीं थी। लड़की उससे मिलने घर आई तो उसे अंदर बेडरूम में बुला लिया(पढ़ें पूरी खबर)
