जालंधर में मृत बच्ची के परिजनों से मिलते श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज।
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने हाल ही में जालंधर में हुई मासूम बच्ची की हत्या की घटना को दुखद और शर्मनाक बताते हुए दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग हमेशा दोषियों के खिलाफ खड़े हुए
.
इस दौरान उन्होंने कहा कि बच्ची अपनी सहेली से मिलने गई थी। सहेली के घर न होने पर कुछ लोगों ने उसे निशाना बना लिया। बाद में उसी घर से बच्ची का शव बरामद हुआ।
जत्थेदार ने बताया कि पीड़ित परिवार ने उनके सामने मांग रखी है कि फास्ट-ट्रैक कोर्ट में केस चलाकर अपराधियों को जल्द से जल्द फांसी दी जाए। उन्होंने भी इस मांग का समर्थन किया है।
लापरवाह पुलिस अफसर बर्खास्त हों : गड़गज
उन्होंने पुलिस की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि परिवार की शिकायत के बाद पुलिस मौके पर गई, लेकिन सिर्फ चाय पीकर लौट आई और कह दिया कि “यहां कुछ नहीं।” इसके बाद उसी घर से बच्ची का शव मिलना पुलिस की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। जत्थेदार ने कहा कि ऐसे अधिकारियों को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए।
पंजाब की बढ़ती अपराध घटनाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि गोलीबारी, धमाके और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लगता है कि कानून-व्यवस्था कमजोर हो रही है।
हाल ही में एक सिख युवक की दस्तार उतारकर की गई बेअदबी के मामले में भी जत्थेदार ने सख्त निंदा की और कहा कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
बंदी सिंहों की रिहाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार को कानूनी हकों में दखल नहीं देना चाहिए और जिनका हक बनता है, उन्हें वह अधिकार मिलना चाहिए।
