मोहाली के दुबाली गांव में एक 27 वर्षीय नवविवाहिता कर्मजीत कौर की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि ससुराल पक्ष इसे अचानक बिगड़ी तबीयत का मामला बता रहा है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मृतका के परिजनों के अनुसार, कर्मजीत कौर की शादी दो साल पहले 7 जून को दुबाली निवासी परविंदर सिंह से हुई थी। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति शराब पीकर झगड़ा करता था। इस विवाद को सुलझाने के लिए कई बार दोनों पक्षों में पंचायतें भी हुईं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। कर्मजीत अपने पीछे करीब एक साल की बेटी छोड़ गई है। मायका पक्ष बोला- बुधवार रात को मिली सूचना मायके पक्ष का कहना है कि बुधवार देर रात 12 बजे उन्हें फोन कर बताया गया कि कर्मजीत की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। कुछ घंटों बाद सुबह उन्हें उसकी मौत की खबर मिली। परिवार का आरोप है कि मौत से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, इसलिए मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। दूसरी ओर, ससुराल पक्ष का दावा है कि कर्मजीत की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसे पहले एक निजी क्लीनिक, फिर खरड़ सिविल अस्पताल और बाद में मोहाली के अस्पताल ले जाया गया। अंत में उसे GMCH-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है। मजात चौकी पुलिस ने मृतका के पिता और भाई के बयान दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह रामेवाल ने बताया कि शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो पाएगी। फिलहाल पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 194-बी के तहत मामला दर्ज किया है और घरेलू विवाद सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Source link
