बोकारो में बुधवार सुबह चास थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित तेलीडीह 4-लेन के किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
.
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान चास प्रखंड के पुपुनकी गांव निवासी संटू नायक के रूप में हुई है, जिनके पिता का नाम तारनी नायक है।
शव मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर मिला था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत किसी अन्य स्थान पर हुई होगी और बाद में शव को यहां लाकर फेंका गया है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने संटू की मौत को लेकर संदेह व्यक्त किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
