चंडीगढ़ के सेक्टर-20 में बीएससी के एक छात्र फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। मृतक छात्र की पहचान 21 वर्षीय अभिरूप के रूप में हुई, वह बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। अभिरूप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
.
अभिरूप के पिता वकील हैं, जबकि मां शिक्षिका हैं। परिवार और शुरुआती जांच के अनुसार, अभिरूप ने पढ़ाई के दबाव के चलते यह कदम उठाया। अभिरूप एसडी कालेज में बीएससी का छात्र था और इस समय कॉलेज में सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। उसने दो पेपर नहीं दिए थे और घरवालों को बताया था कि उसकी तैयारी पूरी नहीं हुई है।
बेल्ट से फांसी लगाकर किया सुसाइड
बुधवार रात वह अपने कमरे में पढ़ाई कर रहा था, जबकि उसके माता-पिता दूसरे कमरे में थे। गुरुवार सुबह जब अभिरूप कमरे से बाहर नहीं आया, तो उसकी मां उसे देखने गईं। कमरे में दाखिल होते ही उन्होंने देखा कि अभिरूप ने दरवाजे पर लगे हुक से बेल्ट से फांसी लगा ली थी। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अभिरूप कितने समय से अवसाद या पढ़ाई के बोझ से जूझ रहा था।
